आज है विश्व गाजर दिवस है
डॉ रूप कुमार बनर्जी
गाजर ऐसी सब्जी है, जिसमें पौष्टिक तत्वों की कमी नहीं है। गाजर खाने से न सिर्फ शरीर को पोषक तत्व मिलते हैं, बल्कि कई शारीरिक बीमारियों से भी छुटकारा मिलता है। आपको बता दें कि गाजर विटामिन-ए, विटामिन-सी, विटामिन-के, पोटैशियम व आयरन आदि से समृद्ध होती हैl रोजाना इसका सेवन करने से कब्ज व एसिडिटी से लेकर कील-मुंहासों से छुटकारा मिल सकता है।
गाजर के फायदे- शरीर के लिए गाजर के लाभ अनेक हैं। इसमें एंटीऑक्सीडेंट गुण पाए जाते हैं। गाजर आंखों, दांतों, मसूड़ों, मस्तिष्क, पाचन क्रिया, बालों व त्वचा के लिए फायदेमंद होने के साथ-साथ मधुमेह व कैंसर में भी लाभकारी साबित हो सकती है। बेहतर पाचन तंत्र के लिए इसका सेवन जूस या सलाद के रूप में किया जा सकता है। गाजर कैरोटेनॉइड और डाइटरी फाइबर जैसे बायोएक्टिव कंपाउड से समृद्ध होती है, जो शरीर के लिए काफी फायदेमंद माने जाते हैं l
गाजर का सेवन किसी भी तरह से कर सकते हैं। इसका जूस पिएं या फिर इसे उबालकर या सब्जी बनाकर खाएं l
आंखों के लिए- गाजर आंखों के लिए फायदेमंद मानी जाती है। इसका नियमित सेवन करने से आंखों की रोशनी तेज करने में मदद मिलती है। गाजर विटामिन-ए से भरपूर होती है और विटामिन-ए आंखों के लिए जरूरी पोषक तत्व है। ऐसे में रोजाना गाजर का सेवन करने से शरीर में विटामिन-ए की कमी नहीं होती है l गाजर में मौजूद कैरोटीन नामक तत्व रात में कम दिखने की समस्या से निपटने में मदद करता है l अगर किसी को रात में कम दिखने की समस्या है, तो उसे अपने आहार में गाजर शामिल करनी चाहिए।
हृदय स्वास्थ्य- गाजर हृदय के मरीजों के साथ-साथ उच्च रक्तचाप के रोगियों के लिए भी फायदेमंद मानी जाती है। यह खून में कोलेस्ट्रॉल के स्तर को नियंत्रित कर हार्ट अटैक के जोखिम को कम करती है। गाजर का रस तनाव को कम करता है, जिससे हृदय भी स्वस्थ बना रहता है। गाजर शरीर में रोग-प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत करने का काम भी करती है, ताकि शरीर इन बीमारियों से लड़ सके ।
दांतों के लिए- दांतों को स्वस्थ रखने के लिए भी गाजर खाने की सलाह दी जाती है। कच्ची गाजर खाने से मसूड़े साफ रहते हैं और प्लाक की समस्या नहीं होती। इसके अलावा, गाजर कैविटी और मुंह की दुर्गंध को भी दूर करने का काम करती है। गाजर एंटीमाइक्रोबियल गुणों से समृद्ध होती है, इसलिए यह मुंह के बैक्टीरिया को पनपने से रोकती है l
कैंसर से बचाव- अध्ययनों से पता चला है कि गाजर कैंसर के खतरे को कम कर सकती है। ऐसा इसलिए है, क्योंकि गाजर पॉली-एसिटिलीन, एंटीऑक्सीडेंट व फालकैरिनोल से भरपूर होती है, जो कैंसर से लड़ने का काम करते हैं। गाजर कैंसर कोशिकाओं को विकासित होने से रोकती है । गाजर का नियमित सेवन गैस्ट्रिक कैंसर के जोखिम को कम कर सकता है (8)।
पाचन में मददगार- गाजर फाइबर का अच्छा स्रोत है, जिससे मल त्यागने में कठिनाई नहीं होती। गाजर पाचन क्रिया को सुचारू रूप से चलाने में मदद करती है। इसकी मदद से भोजन अच्छी तरह पचता है । यही कारण है कि कब्ज और एसिडिटी में भी गाजर फायदा पहुंचाती है।
उच्च रक्तचाप के लिए- उच्च रक्तचाप को नियंत्रित करने के लिए गाजर का सेवन लाभप्रद हैं। गाजर पोटैशियम और बीटा-कैरोटीन तत्वों से समृद्ध होती है जो रक्तचाप को कम करने में मदद करते हैं। गाजर का रस ह्रदय और गुर्दे के कार्यों को नियंत्रित करके सामान्य रक्तचाप को बनाए रखने में मदद करता है।
उम्र रोकने में सहायक – गाजर में बीटा-कैरोटीन नामक तत्व पाया जाता है जो एंटीऑक्सीडेंट के रूप में काम करता है। एंटीऑक्सीडेंट कोशिकाओं को क्षतिग्रस्त होने से रोकता है, जिससे चेहरे पर समय से पहले झुर्रियां पड़ने की आशंका कम हो जाती है। गाजर में मौजूद कैरोटीनॉयड और विटामिन-ए भी उम्र रोकने का काम करते हैं।
हड्डी का स्वास्थ्य- गाजर में कैल्शियम भी पाया जाता है, जो स्वस्थ और मजबूत हड्डियों के लिए जरूरी है। हमारा शरीर लगातार हड्डियों से कैल्शियम की छोटी मात्रा को हटाता है और इसे नए कैल्शियम से बदलने का काम करता है।
इम्यून सिस्टम- गाजर विटामिन-सी से समृद्ध होती है। विटामिन-सी को इम्यून बूस्टर के तौर पर जाना जाता है, जिसकी कमी से आपका शरीर कई बीमारियां की चपेट में आ जाता है। शरीर में विटामिन-सी की मात्रा बरकरार रखने के लिए रोजाना गाजर का सेवन कर सकते हैं। विटामिन-सी के अलावा गाजर विटामिन-बी6 से भी समृद्ध होती है l
मधुमेह- मधुमेह के मरीजों के लिए गाजर फायदेमंद हो सकती है। गाजर में बीटा-कैरोटीन नामक तत्व पाया जाता है, जो डायबिटीज के जोखिम को कम कर सकता है। एक अध्ययन के अनुसार, बीटा-कैरोटीन से ब्लड शुगर नियंत्रित हो सकता है l ( मधुमेह के रोगी अपने चिकित्सक की सलाह जरूर लें )
शरीर की अंदरूनी सफाई – गाजर बीटा-कैरोटीन व फाइबर जैसे महत्वपूर्ण तत्वों से युक्त होती है जो पाचन में सहायता कर शरीर को आतंरिक रूप से साफ करती हैं। इसके अलावा, फाइबर शरीर का वजन घटाने और कोलेस्ट्रॉल स्तर को नियंत्रित करने का काम भी करता है। शरीर को डिटॉक्सीफाई करने के लिए गाजर का सेवन आवश्यक है तो आज से गाजर का सेवन बढ़ा दिया जाय और उत्तम स्वास्थ्य पाया जाय l