अघोर पीठ में जमकर खेली गई होली, अवधूत छबीले राम जी को चांदी की पिचकारी से डाला गया गुलाब जल!

गोरखपुर व्यूरों : होली खेले मसाने में, औघड़ खेले होली, पीके भांग का प्याला भोला बन बैठा मतवाला, राधा भूत पिशाच संग औघड़ खेले होली आदि डीजे पर बज रहे होली गीतों एवं हुलारा गीतों पर शिव के भक्तों ने जमकर नृत्य किया। माहौल में रंग के साथ उल्लास भर गया !महिला ,पुरुष ,बूढ़े और बच्चे सभी के सभी एक रंग में नजर आ रहे थे ।माहौल था अघोर पीठ ट्रस्ट के तत्वावधान में आयोजित ट्रांसपोर्ट नगर स्थित अघोर पीठ आश्रम पर रंगोत्सव के पर्व होली का ।सभी झूम रहे थे, सभी नाच रहे थे और सभी गा रहे थे। पूरा परिसर ऐसा लग रहा था मानो शिवमय हो गया हो। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः काल अघोर पीठ आश्रम के प्रमुख परम पूज्य श्रद्धेय बाबा श्री अवधूत छबीले राम जी ने परंपरानुसार महाप्रभु की पूरे विधि विधान से महापूजा एवं महा आरती करके की गई । इसके बाद आश्रम के भक्त व ट्रस्ट के उपाध्यक्ष डॉ रूप कुमार बनर्जी ने पीठ प्रमुख परम पूज्य श्रद्धेय बाबा श्री अवधूत छबीले राम जी को आसन पर बिठाया। गुलाब एवं केवड़ा जल से उन्हें प्रतीकात्मक स्नान कराया। भक्तों ने अपने गुरु देव पीठ प्रमुख का भव्य एवं दिव्य महाश्रृंगार किया, उनकी पूजा की तथा भस्म, रंग, गुलाल, अबीर, पुष्प आदि से उनके श्री चरणों की महाआरती की। पीठ प्रमुख पर चांदी की पिचकारी से गुलाब डाल कर रंगोत्सव की शुरुआत की गई। इसके बाद भक्तों ने नाच गाकर जमकर होली खेली। इस दौरान महाप्रभु को भोग लगाने के बाद भक्तों के बीच महाप्रसाद का वितरण भी किया गया। सैकड़ों की संख्या में भक्तों ने महाप्रसाद ग्रहण कर महाप्रभु के प्रति श्रद्धा निवेदित की। इस बात की जानकारी डा रूप कुमार बनर्जी व अरविंद कुमार सिंह ने दी!