बस्ती। बस्ती जिले के रामजानकी मार्ग पर अगौना के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल की पहचान दुबौली दूबे गांव निवासी गिरिजा शंकर दूबे के रूप में हुई है।

मिली जानकारी के अनुसार, सड़क दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इसी दौरान सूचना मिलने पर ग्रामीण स्वास्थ्य सेवक वेलफेयर एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं रामजानकी मार्ग के “देवदूत” कहे जाने वाले डॉ. प्रेम त्रिपाठी तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने मानवीय संवेदनशीलता दिखाते हुए बिना देर किए घायल को अपने निजी वाहन से कलवारी स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बहादुरपुर पहुंचाया।
सीएचसी बहादुरपुर में चिकित्सकों द्वारा प्राथमिक उपचार किया गया, लेकिन घायल की हालत गंभीर होने के कारण उसे जिला अस्पताल बस्ती रेफर कर दिया गया। बताया जा रहा है कि आज लगभग सुबह 11 बजे जिला अस्पताल के चिकित्सकों ने भी स्थिति में अपेक्षित सुधार न होने पर बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज लखनऊ रेफर कर दिया।
घटना के बाद कुछ समय तक रामजानकी मार्ग पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। स्थानीय लोगों ने डॉ. प्रेम त्रिपाठी की तत्परता और मानवीय सेवा भावना की सराहना की है।