
संतकबीरनगर, उत्तर प्रदेश।
भारतीय किसान यूनियन (चढ़ूनी) इकाई संतकबीरनगर द्वारा शनिवार को ग्राम छपरा मगर्वी, तहसील एवं थाना धनघटा क्षेत्र में किसान जागरण पंचायत का भव्य आयोजन किया गया। पंचायत का नेतृत्व संगठन के जिलाध्यक्ष उमेश भट्ट ने किया। कार्यक्रम में संगठन के वरिष्ठ प्रदेश महासचिव श्रीप्रकाश पांडेय की विशेष उपस्थिति रही, जिससे किसानों एवं कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
किसान जागरण पंचायत में किसानों से जुड़ी ज्वलंत समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। इनमें कृषि लागत में लगातार बढ़ोतरी, फसलों का उचित मूल्य न मिलना, बिजली आपूर्ति, सिंचाई व्यवस्था, खाद-बीज की समय पर उपलब्धता तथा राजस्व व प्रशासनिक स्तर पर किसानों को हो रही परेशानियां प्रमुख रहीं। पंचायत में उपस्थित किसानों ने अपनी समस्याएं खुलकर रखीं, जिस पर संगठन के पदाधिकारियों ने संबंधित स्तर पर शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।
पंचायत के दौरान संगठनात्मक विषयों पर भी गंभीर मंथन किया गया। नए सदस्यों को संगठन से जोड़ने, किसानों व युवाओं को जागरूक करने, ग्राम स्तर पर इकाइयों के गठन तथा संगठन को और अधिक मजबूत व प्रभावशाली बनाने पर विशेष जोर दिया गया। इसके साथ ही आगामी आंदोलनात्मक कार्यक्रमों की रूपरेखा पर चर्चा करते हुए यह निर्णय लिया गया कि किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर फरवरी माह में धनघटा तहसील मुख्यालय पर बृहद आंदोलन किया जाएगा। पंचायत में आंदोलन को सफल बनाने के लिए व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाने पर भी सहमति बनी।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष उमेश भट्ट ने कहा कि भारतीय किसान यूनियन (चढ़ूनी) किसानों की आवाज को मजबूती से उठाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि जब तक किसानों की समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं होता, तब तक संगठन संघर्ष करता रहेगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव जाकर किसानों को संगठन से जोड़ने और आगामी आंदोलन को सफल बनाने का आह्वान किया।
वहीं वरिष्ठ प्रदेश महासचिव श्रीप्रकाश पांडेय ने अपने संबोधन में कहा कि किसानों की एकता ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि संगठन अनुशासित एवं शांतिपूर्ण तरीके से किसानों के हितों के लिए संघर्ष करता रहेगा तथा संगठन की नीति और सिद्धांतों को जन-जन तक पहुंचाने की आवश्यकता है।
पंचायत में संगठन के वरिष्ठ कार्यकर्ता ग्रीश चंद्र यादव उर्फ हिंदुस्तानी ने कहा कि तहसील धनघटा अंतर्गत छपरा मगर्वी, आगापुर उर्फ गुलरिहा, छपरा पूर्वी सहित आसपास के गांवों का सीमा विवाद वर्षों से लंबित है। इस संबंध में अनेक बार मांग पत्र व शिकायत पत्र शासन-प्रशासन को दिए जा चुके हैं। सीमांकन के लिए टीम गठित होने के बावजूद अब तक कार्यवाही नहीं हुई है, जिससे ग्रामीणों में आए दिन विवाद की स्थिति बनी रहती है। उन्होंने प्रशासन से शीघ्र सीमा विवाद सुलझाने की मांग की।
किसान जागरण पंचायत में जिलाध्यक्ष उमेश भट्ट, वरिष्ठ प्रदेश महासचिव श्रीप्रकाश पांडेय, तहसील अध्यक्ष धनघटा हफीजुल्लाह, वरिष्ठ कार्यकर्ता ग्रीश चंद्र यादव उर्फ हिंदुस्तानी, गंगादीन, रामसुरत, रविंद्र, रामरूप, रामनाथ, केसरी, नंदू चौहान, महाबली, सोमई, शांति, जगजीवन, लालता, शोभा देवी, गुड्डी, सबिता, राजेश वर्मा, रामसुभग, जयश्री सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण किसान, संगठन के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। पंचायत शांतिपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुई और किसानों में संगठन के प्रति विश्वास एवं उत्साह देखने को मिला।