27 सितम्बर से लापता थें दो भाई , एक की मिली लाश
विनय कुमार मिश्र
गोरखपुर ब्यूरों। 15 दिन से गायब दो भाइयों में से एक की लाश शनिवार को बच्चों के लापता होने की जगह से करीब एक किलोमीटर दूर गोड़धोईया नाले में मिली। बच्चों की गुमशुदगी को लेकर पिछले 15 दिन से गोरखपुर के घोषीपुरवा मोहल्ले में तनाव था। एक बच्चे की लाश मिलने के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
जिस बच्चे की लाश मिली उसकी शिनाख्त बच्चे की मां ने टीशर्ट और गले में पड़ी ताबीज से की।
विदित हो कि घोषीपुरवा के आफताब आलम के दो बेटे छह साल का तौहीद आलम और चार साल का तौशीफ आलम 27 सितम्बर की दोपहर को अचानक लापता हो गए थे। दोनों की गुमशुदगी से परेशान घरवाले पुलिस के पास गए। पहले पुलिस और घरवालों ने हर जानने वाले के घर बच्चों की तलाश की। बाद में पुलिस ने आशंका जताई कि बच्चे खेलने के दौरान घर के पीछे बह रहे गोड़धोईया नाले में बह गए। इस आशंका पर पुलिस ने गोताखोरों को उतारकर नाले में बच्चों की तलाश कराई। एनडीआरएफ की टीम भी लगी। लेकिन बच्चे नहीं मिले। शनिवार को कौआबाग चौकी प्रभारी राजाराम द्विवेदी क्षेत्र में निकले थे। जेल बाईपास के बगल में उनकी नज़र गोड़धोईया नाले पर पड़ी। रुक कर देखा तो एक शव पड़ा था। उन्होंने तत्काल कुछ दूरी पर काम कर रहे चार सफाईकर्मियों को बुलाकर झाड़ी साफ कराई तो सामने एक लाश मिली। फिलहाल पुलिस इस शव का डीएनए टेस्ट कराकर पूरी तरह संतुष्ट होना चाहती है।

