किशोरों की समस्याएं सुलझाने के गुर सीख रहीं एएनएम
– राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत दिया जा रहा है प्रशिक्षण
– किशोरों की स्वास्थ्य रक्षा में एएनएम की भूमिका होती है महत्वपूर्ण
जितेन्द्र चौधरी
संतकबीरनगर, 11 अक्टूबर 2019

सीयमओ कार्यालय के सभागार में प्रशिक्षण प्राप्त करती हुई एएनएम
प्रशिक्षण देते हुए चिकित्सक व अधिकारीगण

बचपन, किशोरावस्था तथा वयस्क होने के बीच की अवधि बहुत ही तनावपूर्ण होती है। इस दौरान शारीरिक, भावनात्मक तथा व्यवहारात्मक बदलाव आते हैं। किशोरों के जीवन में हो रहे परिवर्तन के चलते उनकी बीमारियां भी अलग तरह की होती हैं। यह उनके लिए नई होती हैं। इन नई समस्याओं से निबटने के लिए वे खुद को किस तरह से तैयार करें, यह काफी महत्वपूर्ण है। इसमें आशा और एएनएम की भूमिका महत्वपूर्ण होती है।
यह बातें किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम के नोडल तथा अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ मोहन झा ने किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत एएनएम के प्रशिक्षण कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कहीं। इस तीन दिवसीय प्रशिक्षण के दौरान सीएमओ कार्यालय के सभागार में जिले के सभी ब्लाकों से आई 30 एएनएम को इस बात के लिए प्रशिक्षित किया जा रहा है कि वे किशोरों की समस्याओं का समाधान किस तरह से करें।जिला किशोर स्वास्थ्य कोऑर्डिनेटर दीनदयाल वर्मा के निर्देशन में प्रशिक्षु एनएम को किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम के सभी 6 प्रमुख कार्यक्षेत्रों एवं सभी सेवाओं के सम्बन्द्ध में विस्तार से जानकारी दी जा रही है, ताकि वे किशोरों की समस्याओं का समुचित समाधान कर सकें। इस दौरान विविध विषयों के विशेषज्ञों के द्वारा किशोरियों में माहवारी स्वच्छता प्रबंधन, यौन एवं प्रजनन स्वास्थ्य, पोषण आदि विषयों पर जानकारी दी गई। महामारी रोग विशेषज्ञ डॉ मुबारक अली ने किशोरों के खान पान के साथ ही संक्रमण की विधिवत जानकारी दी। जबकि प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ ए के सिन्हा ने किशोरों के व्यवहार में होने वाले परिवर्तन की जानकारी दी। उत्तर प्रदेश तकनीकी सहयोग इकाई के जिला तकनीकी विशेषज्ञ डॉ जगदीश ने शिक्षा और तकनीक के दौर में तनाव की स्थितियों के बारे में बताया। वहीं जिला स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी वेदप्रकाश यादव ने किशोर स्वास्थ्य की नई तकनीक के बारे में जानकारी दी।
महत्वपूर्ण जानकारियां मिली प्रतिभागी एएनएम को
इस दौरान प्रशिक्षण प्राप्त करने आई बेलहर कला ब्लाक के मंझरिया पठान उपकेन्द्र की एएनएम अमरावती ने बताया कि हमें जो जानकारियां मिलीं हैं वह काफी महत्वपूर्ण हैं। किशोरों की समस्याओं के निदान में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका होगी। नाथनगर ब्लाक के हरपुर उपकेन्द्र की एएनएम माधुरी चौधरी बताती हैं कि वर्तमान में युवा किस तरफ मुखर हो रहे हैं इसकी जानकारी उनके इलाज में बहुत ही जरुरी है। वहीं खलीलाबाद के दुघरा उपकेन्द्र की एएनएम संध्या श्रीवास्तव ने बताया कि किशोरों को गाइड करने के लिए इस तरह की जानकारियां बहुत ही जरुरी हैं।
चित्र परिचय
कार्यालय के सभागार में प्रशिक्षण प्राप्त करती हुई एएनएम
प्रशिक्षण देते हुए चिकित्सक व अधिकारीगण