गोंडा। यूपी के गाेंड़ा जनपद में कोरोना संक्रमण के चलते में क्वारंटाइन किए गये 16 वर्षीय किशोर को सांप ने काट लिया। जिससे उसकी मौत हो गयी। बताया जाता है कि घटना की सूचना देने के घंटो बाद भी एम्बुलेंस मौके पर नही पहुंची‚ बाद में बाइक से ही बच्चे को अस्पताल ले जाया गया जहां उसने दम तोड़ दिया।
मिली जानकारी के अनुसार इमिलिया निवासी महेंद्र कुमार पुत्र रामकिशोर 16 वर्ष हरियाणा के कैथल में रहकर मजदूरी करता था। लॉकडाउन केे चलते कई दिनो का पैदल सफर करके वो गुरूवार को गांव पहुंचा‚ जहां ग्राम प्रधान ने कोरोना संक्रमण का हवाला देते हुए महेन्द्र को गांव में ही पूर्व माध्यमिक विद्यालय में क्वारंटाइन कर दिया। अन्य राज्यों से आये 31 अन्य लोग पहले से ही विद्यालय में क्वारंटाइन थे।
बताया जाता है कि गुरूवार रात सभी लोग जमीन पर बिस्तर लगाकर सो रहे थे। आधी रात के बाद एक जहरीला सांप कही से निकलकर आ गया जिसने जमीन पर सो रहे महेन्द्र को डस लिया। घटना के बाद चीख पुकार सुनकर जागे युवको में हड़कंप मच गया। जिन्होने लाठी डंडो से सांप को मार दिया।
सूचना के बाद भी नही पहुंची एम्बुलेंस
घटना की सूचना तुरन्त 108 नंबर पर एम्बुलेंस को दी गई लेकिन घंटो बाद भी एम्बुलेंस मौके पर नही पहुंची। बाद में बाइक से ही महेन्द्र को अस्पताल ले जाया गया‚ लेकिन इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अधीक्षक डॉ आशुतोष शुक्ल ने बताया कि एम्बुलेंस के न आने के बारे में कंट्रोल रूम से ही जानकारी प्राप्त की जा रही है। युवक को जहरीले सांप के काटने के संदर्भ में उन्हें कोई जानकारी नही है। वहीं डुमरियाडीह चौकी इंचार्ज प्रतीक पांडेय ने बताया कि विद्यालय को क्वारंटाइन सेंटर नहीं बनाया गया था। लोग खुद से वहां रुके थे पुलिस ने सभी लोगाें को उनके घर भेज दिया है।