
रिपोर्ट _नसीम अंसारी गोरखपुर:- काँग्रेस कमेटी के निवर्तमान महामंत्री और कांग्रेस के जाने माने निष्ठावान नेता शहर के मोहल्ला दीवान दयाराम निकट माया सिनेमा निवासी श्री जमील अहमद खान के निधन पर आज पूरा कांग्रेस कुम्बा दुखी और ग़मगीन है। उर्दू बाजार जामा मस्जिद पर बाद नमाज़ ज़ोहर जमील अहमद खान के जनाजे की नमाज़ अदा की गई और उसके बाद मुबारक खान शहीद क़ब्रिस्तान में उन्हें सुपुर्देखाक किया गया। जमील अहमद खान छात्र जीवन से समरसता, सौहार्द्र व जन समस्याओं को लेकर कांग्रेस की राजनीति में सन 1977 से एन एस यू आई (भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन) में सक्रिय रहे और 1978 में शहर अध्यक्ष बने। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे स्वर्गीय वीर बहादुर सिंह जी के मार्गदर्शन में कार्य करने वाली युवा टीम में जमील अहमद खान एक मजबूत सिपहसालार के रूप में कार्यरत रहे। सन 1983 में वह शहर युवक कांग्रेस के अध्यक्ष बने और 1989 तक अपने अविस्मरणीय कार्यों से कांग्रेस पार्टी की सेवा की। सन 2000 में शहर कांग्रेस के महामंत्री बने और सन 2016 में तत्कालीन ज़िला कांग्रेस अध्यक्ष डॉ सैय्यद जमाल की कमेटी में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डॉ0 निर्मल खत्री ने उन्हें जिला महामंत्री बनाया था। आजीवन कांग्रेस पार्टी में कार्य करते रहने के साथ ही आज भोर में उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके बेटे उमर, उज़ैर व उमम अली और उनके छोटे भाई खलील, रईस, अनीस व मुनीर तथा उनकी पत्नी और बेटी एवं सभी आश्रितों व परिजनों को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने शक्ति प्रदान करने की अल्लाह से दुआ की गई। उनकी अंत्येष्टि में शामिल
लोगों ने जमील अहमद खान को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उन्हें जन्नत नसीब करने और उनके परिवार को सब्र की ताकत अता करने की प्रार्थना की।