नासिक = अपनी उत्कृष्ट गुणवत्ता और नवाचार पूर्ण उत्पादों के लिए प्रसिद्ध रिलेक्सो डोमस्वेयर एलएलपी ने सऊदी अरब और बहरीन में आयुर्वेदिक दवाओं के उत्पादन एवं व्यापार के क्षेत्र में कदम रखने की घोषणा की है। कंपनी इस विस्तार के लिए स्थानीय व्यावसायिक भागीदारों के साथ मिलकर कार्य करेगी।
इस पहल का उद्देश्य खाड़ी देशों के स्वास्थ्य एवं वेलनेस सेक्टर में नए अवसर सृजित करना और पारंपरिक भारतीय आयुर्वेदिक चिकित्सा पद्धति को इन बाजारों में सशक्त पहचान दिलाना है।
कंपनी के संस्थापक एवं निदेशक अब्दुल्लाह खान ने बताया कि यह परियोजना न केवल स्वास्थ्य क्षेत्र में नवाचार को बढ़ावा देगी, बल्कि भारत और सऊदी अरब के बीच व्यापारिक एवं औषधीय सहयोग को भी नई मजबूती प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि हम आधुनिक तकनीक और प्राचीन आयुर्वेदिक ज्ञान के समन्वय से उच्च गुणवत्ता वाली दवाओं का निर्माण, पैकेजिंग और वितरण सुनिश्चित करेंगे। साथ ही हम स्थानीय स्वास्थ्य मानकों एवं नियामक दिशानिर्देशों का पूर्ण पालन करेंगे।
इस परियोजना में सऊदी अरब के जुबैल स्थित रैंक पावर कंपनी के चेयरमैन अब्दुल्लाह बिन शेबान प्रमुख व्यावसायिक भागीदार के रूप में जुड़े हैं, जबकि बहरीन से अल शफिया मार्केट की सीईओ आशिया शेख सहयोगी सदस्य के रूप में सहभागिता करेंगी।
यह अंतरराष्ट्रीय सहयोग भारत की समृद्ध आयुर्वेदिक विरासत को वैश्विक स्तर पर बढ़ावा देने के साथ-साथ क्षेत्रीय बाजारों में नए व्यावसायिक अवसरों के द्वार खोलेगा। परियोजना से आर्थिक विकास और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को भी प्रोत्साहन मिलने की संभावना है।
कंपनी शीघ्र ही उत्पादन इकाइयों की स्थापना और वितरण नेटवर्क के विस्तार की दिशा में कार्य प्रारंभ करने जा रही है।