कोरोना से डरें नहीं, मास्क के पीछे भी न भागे, निगरानी के लिए 13 टीमें गठित
– चिकित्सकों ने स्वच्छता तथा सतर्कता का दिया सुझाव, विदेश से आने वालों की दें सूचना
जितेन्दर चौधरी
– कहीं से भी आएं तो हाथ 5 बार जरुर धोएं, बेवजह आंख और मुंह पर हाथ न ले जाएं
संतकबीरनगर, 6 मार्च 2020,

नेवल कोरोना वायरस को लेकर भय का वातावरण न बनाएं, न ही मास्क के पीछे भागें। कोरोना की निगरानी के लिए 13 टीमों का गठन कर दिया गया है। चारो तरफ सतर्क दृष्टि रखी जा रही है। पूरी तरह से स्वच्छता बनाए रखें साथ ही विदेश से आने वाले व्यक्तियों के बारे में सूचना जरुर दें। कहीं से भी आएं तो अपने हाथों को साबुन से कम से कम 5 बार जरुर धोएं, बेवजह आंख, मुंह और नाक पर हाथों को न ले जाएं। आप पूरी तरह से सुरक्षित रहेंगे।
जनपदवासियों को यह भरोसा दिलाया है सीएमओ डॉ हरगोविन्द सिंह ने। उन्होने बताया कि कोरोना को लेकर बेवजह दुष्प्रचार न करें। विदेश से आने वालों की हर जगह जांच की जा रही है। यह भी निर्देश है कि प्राइवेट अस्पतालों से बात करके उनके मेडिकल और पैरामेडिकल स्टाफ की सूची बनाए। स्थानीय स्तर पर लोगों में हाथ धोने के संदेश को फैलाया जाए, जहां मिड डे मील बांटा जा रहा है वहाँ भी बच्चों को हाथ धोने के बारें में बताया जाए, जिससे कि यह संदेश घर घर तक जाए।
सर्विलेंस अधिकारी डॉ॰ ए के सिन्हा ने बताया कि कोरोना वायरस से निपटने के लिए जिला अस्पताल में दस बेड आरक्षित कर विशेष वार्ड बना दिया गया है। विदेश से लौटे जिले के नागरिकों की लगातार निगरानी की जा रही है। फिलहाल जिले में एक भी रोगी नही है।
एपीडेमियोंलाजिस्ट डॉ मुबारक अली ने बताया कि कोरोना वायरस के लक्षण-विदेश से लौटने के बाद यदि किसी व्यक्ति को अचानक बुखार, खांसी और सांस लेने में परेशानी है तो उसे तत्काल जांच करानी चाहिए। इस रोग के लिए हेल्पलाइन नंबर-18001805145 (टोल फ्री) है, साथ ही जिले के संक्रामक रोग नियन्त्रण कण्ट्रोल रुम के मोबाइल नं 9415173404 पर संपर्क करें।
कोरोना से कैसे बचें?
1. हाथ को बार-बार साबुन और पानी से धोएं
2. सैनिटाइजर का ज्यादा से ज्यादा इस्तेमाल करें
3. एक बार इस्तेमाल टिशूज़ को दोबारा इस्तेमाल ना करें
4. खांसते और छींकते वक्त टिशू का इस्तेमाल करें
5. टिशू ना होने पर खांसते वक्त बाजू का इस्तेमाल करें
6. सामने की ओर मुंह करके ना छींके और ना हीं खांसे
7. बिना हाथ धोए अपनी आंख, नाक और मुंह को ना छुएं
8. जो बीमार हो उनके सम्पर्क से बचने की कोशिश करें
9. लोगों से दूरी बनाएं और हाथ मिलाने से बचें
10. बुखार और खांसी होने पर तुरंत डॉक्टर से मिलें
इन 13 टीमों का हुआ है गठन
सीएमओ ने बताया कि 13 टीमों का गठन किया गया है। इसमें चिकित्सकों की स्टेयरिंग कमेटी, काल सेण्टर मैनेजमेण्ट के लिए 4 लोगों की कमेटी, एचआर मैनेजमेण्ट के लिए 3 चिकित्सक, दो सर्विलांस टीमों में कुल 8 चिकित्सक, ट्रेनिंग और डाक्यूमेण्टेशन टीम में 5 चिकित्सक, इन्फ्रास्ट्रक्चर मैनेजमेण्ट ( आइसोलेशन वार्ड एण्ड फेसिलिटीज) में 4 चिकित्सक, मैटेरियल मैनेजमेण्ट टीम में 4 चिकित्सक, मीडिया मैनेजमेण्ट टीम में 3 चिकित्सक, प्राइवेट हास्पिटल के सर्विलांस के लिए बनी कमेटी में 6 चिकित्सक, ट्रांसपोर्टेशन और कोआर्डिनेशन टीम में 5 चिकित्सक, अर्न्तविभागीय समन्वय समिति में 4 चिकित्सक के साथ ही मनोवैज्ञानिक सपोर्ट के लिए 3 मनोवैज्ञानिक रखे गए हैं। इस प्रकार 13 टीमों में कुल 51 चिकित्सक व स्वास्थ्य कर्मी शामिल हैं।
मास्क बांधकर मरीजों का इलाज करते हुए चिकित्सक डॉ ओ पी चतुर्वेदी
