परिवार नियोजन पखवाड़े में अब तक 26 महिला नसबन्दी
– आठ दिनों में 180 महिलाओं ने लगवाया अन्तरा इंजेक्शन
– 11 से 31 जुलाई तक सेवा प्रदायिगी चरण में होगी नसबन्दी
जितेन्द्र चौधरी
संतकबीरनगर। 20 जुलाई 2019
परिवार नियोजन पखवाड़े के दूसरे चरण सेवा प्रदायिगी चरण में पिछले 8 दिनों में 26 महिलाओं ने नसबन्दी करवाई। जबकि अभी तक एक भी पुरुष नसबन्दी नहीं हो पाई है। लोगों को जागरूक करने के साथ उन्हें सेवा देने के लिए निरन्तर नसबन्दी कैम्प का आयोजन किया जा रहा है।
अपर मुख्य चिकित्साधिकारी आरसीएच डॉ मोहन झा के निर्देशन में जिले में परिवार नियोजन पखवाड़े के दूसरे चरण सेवा प्रदायिगी पखवाड़ा में 11 जुलाई से लेकर अभी तक 26 महिलाओं की नसबन्दी हुई। जबकि 180 महिलाओं ने इस दौरान तिमाही अन्तरा इंजेक्शन लगवाए। यही नहीं महिलाओं ने 40 पीपीआईयूसीडी लगवाए। यूपीटीएसयू के फैमिली प्लानिंग एक्सपर्ट धर्मराज त्रिपाठी बताते हैं कि इसके लिए आगामी 23 जुलाई को जिला संयुक्त चिकित्सालय में महिला नसबन्दी कैम्प लगाया गया है। वहीं 26 जुलाई को खलीलाबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में भी नसबन्दी कैम्प का आयोजन किया गया है।
परिवार नियोजन की विधियां
परिवार नियोजन के लिए पुरुष और महिला नसबन्दी स्थायी विधियां हैं। जबकि पीपीआईयूसीडी व आईयूसीडी क्रमश: 10 व 5 साल के लिए लगाई जाती हैं। वहीं बच्चों के अन्तर करने के लिए अन्तरा इंजेक्शन का उपयोग किया जाता है। इनके प्रोत्साहन के लिए सरकार के द्वारा निरन्तर व्यवस्था हो रही है।
आशा कार्यकर्ता को भी प्रोत्साहन राशि
परिवार नियोजन के लिए प्रेरित करने वाले आशा कार्यकर्ताओं को भी प्रोत्साहन राशि दी जाती है। महिला नसबन्दी के लिए 300 रूपये तो पुरूष नसबन्दी के लिए 400 रूपये। अन्तरा इंजेक्शन के लिए 100 रूपये, पीपीआईयूसीडी तथा आयूसीडी के लिए 150 रूपये प्रोत्साहन राशि के रूप में दिए जाते हैं।
पुरुष नसबन्दी पर 3000 रूपये प्रोत्साहन
परिवार नियोजन के साधनों को अपनाने के लिए लाभार्थियों को भी प्रोत्साहन भत्ता दिया जाता है। नसबन्दी कराने वाले पुरुष को 3000 रूपये दिए जाते हैं, तो वहीं नसबन्दी कराने वाली महिला को 2000 रूपये प्रोत्साहन राशि के रूप में दिए जाते हैं। अन्तरा इंजेक्शन लगवाने वाली महिला को 100 रुपये हर डोज पर दिया जाता है।
परिवार नियोजन से सम्बन्धित आंकड़े
वर्ष 2018 (1 अप्रैल 2018 से 31 मार्च 2019 तक) : महिला नसबन्दी 1435, पुरुष नसबन्दी 9, अन्तरा इंजेक्शन 1575, पीपीआयूसीडी 3600 तथा आयूसीडी 5000 लगाया गया था।
वर्ष 2019 (1 अप्रैल 2019 से 21 जून 2019 तक) :
महिला नसबन्दी 100, पुरुष नसबन्दी शून्य , अन्तरा इंजेक्शन 750 तथा पीपीआयूसीडी व आयूसीडी 500 लगाए गए हैं ।
