बस्ती
ब्युरो रिपोर्ट
जेडी के आश्वासन पर छात्रहित में बोर्ड परीक्षा बहिष्कार आंदोलन स्थगित


- संयुक्त शिक्षा निदेशक व माध्यमिक शिक्षक संघ के मध्य हुई दो घण्टे की मैराथान बैठक
बस्ती। वुधवार को बस्ती मण्डल में एनपीएस/जीपीएफ कटौती व शिक्षकों के उत्पीड़न को लेकर संयुक्त शिक्षा निदेशक मनोज कुमार द्विवेदी व उ.प्र. माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रतिनिधि मंडल से तीन घण्टे तक वार्ता हुई। वार्ता के उपरांत मण्डलीय मंत्री संजय द्विवेदी ने बोर्ड परीक्षा के बहिष्कार के निर्णय को वापस ले लिया है। वार्ता में उप शिक्षा निदेशक ओम प्रकाश मिश्रा, जिला विद्यालय निरीक्षक बस्ती बृज भूषण मौर्या, लेखाधिकारी सुनील यादव भी मौजूद रहे। वार्ता में सूचना के बावजूद अनुपस्थित रहने पर जिला विद्यालय निरीक्षक व लेखाधिकारी सन्तकबीरनगर व सिद्धार्थनगर को कारण बताओ नोटिस जारी की गई।
वार्ता के दौरान संयुक्त शिक्षा निदेशक ने बताया कि एनपीएस नियोक्ता अंशदान की राशि अप्रैल 2019 तक कोषागार में जमा की जा चुकी है, शेष बजट की मांग की गई है, प्राप्त होते ही अद्यतन अंशदान जमा कराया जाएगा। मंडल के सभी सहायता प्राप्त विद्यालय एनपीएस पासबुक तैयार कराकर जिला विद्यालय निरीक्षक व लेखाधिकारी से प्रमाणित कराएंगे।
वार्ता के अनुसार सन्तकबीरनगर के जीपीएफ व्याज की धनराशि वित्त नियंत्रक से मांगी गई है, धनराशि प्राप्त होते ही स्थानांतरण करने की कार्रवाई की जाएगी, फिलहाल प्रारम्भिक अवशेष के आधार पर पांच करोड़ तेंतीस लाख रुपये की धनराशि हस्तांतरित कर दी गयी है। मण्डल में 31 मार्च को 63 शिक्षक-शिक्षणेत्तर कर्मचारी सेवानिवृत्त हो रहे है। जिसके सापेक्ष अभी तक पेंशन की 46 व जीपीएफ की 38 पत्रावली ही उप शिक्षा निदेशक को प्राप्त हुई है। पेंशन व जीपीएफ में सन्तकबीरनगर व सिद्धार्थनगर की हालत बदत्तर है, जिसके लिए नोटिस जारी गयी है।
सीताराम इंटर कालेज सिरसी के प्रवक्ता विंध्याचल सिंह के निलंबन पर निर्णय लेने के लिए व हीरालाल इंटर कालेज के प्रधानाचार्य उदयभान सिंह के निलंबन को कोर्ट द्वारा समाप्त करने पर पुनः पदस्थापित करने के लिए जिला विद्यालय निरीक्षक को निर्देश जारी किया गया।
वार्ता के दौरान प्रांतीय उपाध्यक्ष मार्कण्डेय सिंह, मण्डलीय अध्यक्ष राम पूजन सिंह, मण्डलीय मंत्री संजय द्विवेदी, मोहिबुल्लाह खान, जय प्रकाश मिश्रा, अजय प्रताप सिंह, उदयभान सिंह, विंध्याचल सिंह, ध्रुव नारायण चौधरी, जय चन्द्र यादव, गिरिजानंद यादव, गोपाल जी सिंह सहित अन्य मौजूद रहे।
रिपोर्ट:: राहिल खान
बस्ती यूपी