नीट में 568 अंक हासिल कर ऑल इंडिया 9064वीं रैंक प्राप्त की, जनपद का बढ़ाया मान
बस्ती, संवाददाता। जनपद बस्ती के ग्राम कल्यानपुर, पोस्ट कुदरहा निवासी मेधावी छात्र हर्ष त्रिपाठी ने नीट परीक्षा में शानदार सफलता हासिल करते हुए एमबीबीएस में प्रवेश सुनिश्चित कर लिया है। हर्ष ने 720 में से 568 अंक प्राप्त कर अखिल भारतीय स्तर पर 9064वीं रैंक अर्जित की है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार, क्षेत्र और पूरे जनपद में खुशी की लहर दौड़ गई है।
हर्ष, डॉ. रजनीश त्रिपाठी एवं श्रीमती दीपमाला के पुत्र हैं। उन्होंने अपनी हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की शिक्षा डीपीएस स्कूल, लखनऊ से प्राप्त की है। बचपन से ही मेधावी रहे हर्ष ने अपनी कड़ी मेहनत और लगन के दम पर यह सफलता हासिल की है।
परिजनों के अनुसार, पिछले वर्ष हर्ष महज दो अंकों से एमबीबीएस में प्रवेश पाने से चूक गए थे। इसके बाद उन्होंने निराश होने के बजाय और अधिक मेहनत के साथ तैयारी जारी रखी। दूसरे प्रयास में उन्होंने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए न केवल एमबीबीएस में चयन प्राप्त किया, बल्कि शानदार रैंक भी हासिल की।
हर्ष की सफलता पर क्षेत्र के गणमान्य लोगों, शिक्षकों, रिश्तेदारों एवं शुभचिंतकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी है। लोगों का कहना है कि हर्ष की उपलब्धि से बस्ती जनपद का नाम रोशन हुआ है तथा यह सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी।