
बस्ती। राम-जानकी मार्ग स्थित कलवारी चौराहे पर सुबह 4 बजे भोर को स्कॉर्पियो और पिकअप वाहन के बीच हुई भीषण भिड़ंत में कई लोग घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पिकअप वाहन बस्ती की ओर से आ रहा था, जबकि स्कॉर्पियो कुदरहा की तरफ से आ रही थी। कलवारी चौराहे पर दोनों वाहनों के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में रविशंकर (40 वर्ष) पुत्र रामलखन निवासी मजहवा कला थाना रुधौली, बाकर हुसैन (55 वर्ष) निवासी कथर पुरवा रुधौली, मोहम्मद फैजान (18 वर्ष) पुत्र बाकर हुसैन, अब्दुल सत्तार (45 वर्ष) पुत्र अमजद अली निवासी सेमरियावां, समसुद्ज्वाहार (40 वर्ष) पुत्र गुलाम नवी निवासी गंगौली संतकबीरनगर, उस्मान (25 वर्ष) पुत्र गुलाम नवी निवासी गंगौली तथा बीरबल महतो (40 वर्ष) पुत्र कन्हैया महतो निवासी सिवान, बिहार सहित कई लोग घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही राम-जानकी मार्ग के देवदूत के रूप में विख्यात डॉ. प्रेम त्रिपाठी तत्काल मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। स्थानीय लोगों तथा एम्बुलेंस कर्मियों के सहयोग से सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।
चिकित्सकों द्वारा प्राथमिक उपचार के बाद बीरबल महतो, रविशंकर, उस्मान एवं बाकर हुसैन की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया, जबकि अन्य घायलों का उपचार स्थानीय अस्पताल में किया गया।
घायलों को अस्पताल पहुंचाने में 108 एम्बुलेंस सेवा की टीम ने सराहनीय भूमिका निभाई। एम्बुलेंस संख्या यूपी 32 ईजी 4418 के ईएमटी सतीश यादव एवं पायलट गोविंद यादव ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को अस्पताल पहुंचाया। वहीं एम्बुलेंस संख्या यूपी 32 बीजी 8644 के ईएमटी उत्तम तथा पायलट रमेश ने भी बिना समय गंवाए राहत कार्य में भाग लिया और घायलों को सुरक्षित अस्पताल पहुंचाकर मानवता की मिसाल पेश की।
स्थानीय लोगों ने डॉ. प्रेम त्रिपाठी एवं 108 एम्बुलेंस कर्मियों की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि समय पर मिली मदद से घायलों को शीघ्र उपचार उपलब्ध हो सका। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।