बस्ती, ब्यूरो रिपोर्ट
वी इंडियन फाउंडेशन के अध्यक्ष डॉ. सुनील चौधरी के नेतृत्व में आज मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश के नाम जिलाधिकारी, बस्ती के माध्यम से एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में बस्ती मंडल में एक सरकारी विश्वविद्यालय की स्थापना तथा विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता में व्यापक सुधार की मांग की गई।
ज्ञापन में कहा गया कि बस्ती मंडल के हजारों छात्र-छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए अन्य शहरों का रुख करना पड़ता है, जिससे उन पर आर्थिक और सामाजिक बोझ बढ़ता है। क्षेत्र में विश्वविद्यालय की स्थापना से गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा, शोध, नवाचार तथा रोजगार के नए अवसर विकसित होंगे और पूरे मंडल के युवाओं को इसका लाभ मिलेगा।
इस अवसर पर ग्रामीण स्वास्थ्य सेवक वेलफेयर एसोसिएशन ने भी इस जनहित अभियान का समर्थन करते हुए अपना समर्थन पत्र सौंपा। संगठन के अध्यक्ष डॉ प्रेम त्रिपाठी ने कहा कि शिक्षा किसी भी समाज के समग्र विकास की आधारशिला है और बस्ती मंडल में शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए विश्वविद्यालय की स्थापना तथा शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार अत्यंत आवश्यक है।
वी इंडियन फाउंडेशन के अध्यक्ष डॉ. सुनील चौधरी ने कहा कि शिक्षा किसी भी क्षेत्र के विकास की सबसे बड़ी शक्ति होती है। यदि बस्ती मंडल को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और उच्च शिक्षा के बेहतर अवसर मिलेंगे, तो यहां के युवा प्रदेश और देश के विकास में अधिक प्रभावी योगदान दे सकेंगे। उन्होंने प्रदेश सरकार से इस जनहित की मांग पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने का आग्रह किया। एडवोकेट जितेंद्र चौधरी ने कहा कि बस्ती के चौमुखी विकास के लिए एक उच्च स्तरीय विश्वविद्यालय आवश्यक है इसके लिए हम लोग हर संभव प्रयास करेंगे।
प्रतिनिधिमंडल ने विश्वास व्यक्त किया कि प्रदेश सरकार बस्ती मंडल के लाखों विद्यार्थियों और युवाओं के भविष्य को ध्यान में रखते हुए विश्वविद्यालय की स्थापना तथा शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के लिए आवश्यक कदम उठाएगी।
“बेहतर शिक्षा ही विकसित बस्ती और विकसित उत्तर प्रदेश की मजबूत नींव है।”