धूमधाम से मनाया गया महामैत्रायण योगिनी माता का निर्वाण दिवस

गोरखपुर ब्यूरों (विनय कुमार मिश्र) अघोर पीठ ट्रस्ट ट्रांसपोर्ट नगर में सोमवार को महामैत्रायण योगिनी का निर्वाण दिवस धूमधाम एवं परम्परागत ढंग से मनाया गया। पूजन-अर्चन और भजन-कीर्तन से माहौल भक्ति से ओतप्रोत हो गया।इस अवसर पर लगभग दो सौ गरीब महिलाओं को वस्त्र प्रदान किए गए।इस कार्यक्रम से पूरे दिन माहौल भक्तिमय बना रहा। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह पीठ प्रमुख गुरूदेव अवधूत छबीलेराम जी द्वारा अघोराचार्य बाबा कीनाराम, अवधूत भगवान राम व अवधूत भगवान सिद्धार्थ गौतम रामजी महाराज एवं महामैत्रायण योगिनी जी की आरती और पूजन से हुई। इसके बाद प्रसाद वितरण हुआ। तत्पश्चात जिला चिकित्सालय द्वारा ब्लड बैंक के सौजन्य से रक्तदान शिविर भी आयोजित किया गया जिसमें करीब 35 लोगों ने रक्तदान किया इसके पश्चात दोपहर में विशाल सहभोज का आयोजन किया गया। फिर अवधूत छबीलेराम जी, पीठ के उपाध्यक्ष डा• रूप कुमार बनर्जी एवं आश्रम के भक्तो ने आर्थिक रूप से निर्बल करीब २०० महिलाओं को साड़ी वितरित किया ।
भक्तों को संबोधित करते हुए परम् पूज्यनीय गुरुदेव जी ने कहा कि शिव आदि औघड़ हैं। शिव का अर्थ होता है कल्याणकारी। औघड़ उन्हीं की परंपरा के हैं, इसलिए औघड़ भी मन, कर्म व वचन से कल्याणकारी होते हैं।
सायंकाल महाआरती के पश्चात भजनांजलि का भी आयोजन किया गया जिसमें भक्तों द्वारा ‘कीनाराम अलमस्त फकीरा देने वाला मौला है, फिकर छाडि़ए के जिकर किया कर अजब निराला मौला है सहित कई भजनों की प्रस्तुति ने माहौल में भक्ति की खुशबू बिखेर दी। तत्पश्चात रात्रि भोज में तमाम भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया।कार्यक्रम मेंं गोरखपुर-बस्ती मंडल के समस्त जनपदों और बिहार व नेपाल से आए श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया।