
बस्ती। राम-जानकी मार्ग के दुबौली दूबे क्षेत्र में हुई सड़क दुर्घटना में एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गयी। दुर्घटना की सूचना मिलते ही राम-जानकी मार्ग के देवदूत के रूप में पहचान बना चुके डॉ. प्रेम त्रिपाठी तत्काल मौके पर पहुंचे और मानवता का परिचय देते हुए घायल को अपनी देखरेख में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कलवारी पहुंचाया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना के बाद घायल सड़क किनारे तड़प रही थी। सूचना मिलते ही डॉ. प्रेम त्रिपाठी ने बिना समय गंवाए राहत कार्य शुरू कराया और घायल को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा। उनकी तत्परता से घायल को समय पर चिकित्सकीय सहायता मिल सकी।
स्थानीय लोगों ने डॉ. प्रेम त्रिपाठी के इस मानवीय कार्य की सराहना करते हुए कहा कि राम-जानकी मार्ग पर जब भी कोई दुर्घटना होती है, वह सबसे पहले पीड़ितों की मदद के लिए आगे आते हैं। इसी कारण क्षेत्र में लोग उन्हें “राम-जानकी मार्ग का देवदूत” कहकर संबोधित करते हैं।
सीएचसी कलवारी में घायल का उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार उसकी स्थिति सामान्य है।