बस्ती। राम-जानकी मार्ग पर स्थित बैजलपुर पुलिया और सड़क के बीच पड़ी गहरी दरार किसी बड़े हादसे को खुला निमंत्रण दे रही है। सड़क के किनारे बनी यह खतरनाक दरार लगातार चौड़ी होती दिखाई दे रही है, जिससे मार्ग की मजबूती पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

स्थानीय लोगों के अनुसार इस मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में दोपहिया, चारपहिया तथा भारी वाहन गुजरते हैं। यदि समय रहते मरम्मत नहीं कराई गई तो सड़क का हिस्सा धंस सकता है, जिससे गंभीर दुर्घटना होने की आशंका बढ़ गई है।
राम-जानकी मार्ग के देवदूत कहे जाने वाले ग्रामीण स्वास्थ्य सेवक वेलफेयर एसोसिएशन उत्तर प्रदेश के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. प्रेम त्रिपाठी की नजर जब इस खतरनाक स्थिति पर पड़ी तो उन्होंने तत्काल संबंधित विभाग और प्रशासन का ध्यान आकर्षित करते हुए शीघ्र कार्रवाई की मांग उठाई। डॉ. त्रिपाठी ने कहा कि जनहित और यात्रियों की सुरक्षा सर्वोपरि है तथा इस समस्या का तत्काल स्थायी समाधान कराया जाना चाहिए।
स्थानीय नागरिकों ने भी प्रशासन से मांग की है कि मौके का निरीक्षण कर दरार की मरम्मत कराई जाए और तब तक चेतावनी बोर्ड एवं बैरिकेडिंग लगाकर लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा प्रदान की जाए।
यदि समय रहते ध्यान नहीं दिया गया तो यह दरार किसी भी दिन बड़े हादसे का कारण बन सकती है।