भाजपा नेता अत्रेश श्रीवास्तव ने क्षेत्रीय उपाध्यक्ष सत्येंद्र सिन्हा का किया भव्य स्वागत

संतकबीर नगर। भारतीय जनता पार्टी द्वारा संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में जिला कार्यालय खलीलाबाद में “समरसता संकल्प अभियान” की जिला स्तरीय कार्यशाला का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सामाजिक समरसता, सेवा, संस्कार और भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया। कार्यशाला में भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने गुरु रविदास महाराज के आदर्शों पर चलने तथा समाज में भाईचारा, समानता और सद्भाव का वातावरण मजबूत करने का संकल्प दोहराया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एवं समरसता संकल्प अभियान के क्षेत्रीय संयोजक तथा भाजपा के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष सत्येंद्र सिन्हा का भाजपा नेता अत्रेश श्रीवास्तव ने पुष्पगुच्छ भेंट कर आत्मीय एवं भव्य स्वागत किया। स्वागत के दौरान पूरे सभागार में तालियों की गड़गड़ाहट के बीच कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार अभिनंदन किया।
मुख्य अतिथि सत्येंद्र सिन्हा ने अपने प्रेरक संबोधन में कहा कि संत गुरु रविदास महाराज ने अपने जीवन से समाज को समानता, प्रेम, सेवा और भाईचारे का अमूल्य संदेश दिया। उन्होंने कहा कि “सियाराममय सब जग जानी, करहु प्रणाम जोरी जुग पानी” की भावना भारतीय संस्कृति की आत्मा है और भाजपा का समरसता संकल्प अभियान इसी विचार को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम बनेगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक पहुंचकर समाज के प्रत्येक वर्ग को जोड़ने और सामाजिक समरसता को मजबूत करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष नीतू सिंह ने कहा कि गुरु रविदास महाराज का जीवन समाज के अंतिम व्यक्ति को सम्मान और समान अवसर देने की प्रेरणा देता है। उन्होंने बताया कि आगामी गुरु पूर्णिमा पर महर्षि वेदव्यास जयंती भी पूरे उत्साह के साथ मनाई जाएगी तथा सेवा और सामाजिक जागरूकता के विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
खलीलाबाद विधायक अंकुर राज तिवारी ने कहा कि गुरु रविदास महाराज ने आध्यात्मिक चेतना, मानवता और सामाजिक समरसता का जो संदेश दिया, वह आज भी समाज को दिशा देने वाला है। उनके विचार राष्ट्र निर्माण की मजबूत आधारशिला हैं।
इस अवसर पर जिला महामंत्री कौशलेंद्र सिंह ‘दीपू’, गणेश पांडेय, हैप्पी राय, अर्जुन चौधरी, आदित्य यादव, कपिलदेव कनौजिया, भूपेंद्र सिंह, अरविंद जायसवाल, बसंत तिवारी, सत्यपाल पाल, ज्ञानेंद्र मिश्रा, अशोक यादव, अत्रेश श्रीवास्तव, विजय बहादुर सिंह, राजकुमार चौरसिया, अबरार अहमद, ब्रह्मानंद पांडेय, कन्हैया वर्मा, कन्हैया यादव, रामनयन शर्मा, वीरेंद्र शुक्ल, राजू भारती, बृजनंदन पाठक, दिनेश चौधरी, संतलाल मौर्य, दीपक शुक्ला, गौरव निषाद, शक्तिमानी त्रिपाठी सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण क्षेत्रीय उपाध्यक्ष सत्येंद्र सिन्हा का ओजस्वी एवं प्रेरणादायी संबोधन रहा, जिसमें उन्होंने सामाजिक समरसता को भाजपा की विचारधारा का मूल आधार बताते हुए संगठन को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने और सेवा के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।