सरला गैस एजेंसी पर उमड़े उपभोक्ताओं ने राम जानकी मार्ग पर लगाया जाम

बस्ती
कलवारी थाना क्षेत्र में स्थित सरला गैस एजेंसी पर गैस सिलेंडर की किल्लत को लेकर उपभोक्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा। शादियों के सीजन में बढ़ती मांग के बीच समय पर गैस उपलब्ध न होने से नाराज लोगों ने राम-जानकी मार्ग पर जाम लगा दिया, जिससे आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया।
मौके पर मौजूद उपभोक्ताओं का आरोप था कि कई दिनों से गैस सिलेंडर नहीं मिल रहा है, जिससे घरों में खाना बनाना मुश्किल हो गया है। खासकर शादी-ब्याह के चलते गैस की जरूरत अधिक होने के कारण लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
जाम की सूचना मिलते ही कलवारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद लोगों को समझाकर जाम खत्म कराया। पुलिस ने सूझबूझ का परिचय देते हुए स्थिति को नियंत्रण में लिया और यातायात को बहाल कराया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गैस एजेंसी संचालकों से बात कर समस्या के समाधान का प्रयास किया जा रहा है, ताकि आगे ऐसी स्थिति उत्पन्न न हो। वहीं उपभोक्ताओं ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे दोबारा आंदोलन करने को बाध्य होंगे।