- बंदी समस्या को सुनकर समाधान का दिया आश्वासन
संतकबीरनगर : जनपद न्यायाधीश रणधीर सिंह के निर्देशन व जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव व न्यायिक अधिकारी सुनील कुमार सिंह के पहल पर गुरुवार को लीगल एड डिफेंस काउंसिल की टीम जिला कारागार पहुंची। उन्होंने विभिन्न बंदियों की समस्या सुनकर उनके निराकरण हेतु आश्वासन दिया।
कोतवाली खलीलाबाद थानाक्षेत्र के धौरहरा निवासी अब्दुल रब ने कहा कि वह आपराधिक मानव वध के मामले काफी समय से जिला कारागार में निरुद्ध है। घर से कोई मुलाकात करने नही आ रहा है। उसकी जमानत भी सेशन कोर्ट से खारिज हो चुकी है। जौनपुर जिले के सैदगोरारी गांव निवासी जैनुद्दीन ने कहा कि वह चोरी का जुर्म स्वीकार कर मुकदमा समाप्त कराना चाहता है। धर्मसिंहवा थानाक्षेत्र के इटौवा गांव निवासी हरिश्चन्द्र ने कहा कि वह हत्या के मामले में निरुद्ध है। उसने मामले के शीघ्र निस्तारण कराने की मांग की। आजमगढ़ जिले के अमगिलिया गांव निवासी शाहनवाज ने कहा कि उसके खिलाफ गैंगस्टर समेत तीन मुकदमे हैं। दो मामले में जुर्म स्वीकार कर चुका है। बखिरा थानाक्षेत्र के लेड़ुआ महुआ गांव निवासी सद्दाम उर्फ मंसूर ने अपने मुकदमे की पैरवी सरकारी अधिवक्ता से कराए जाने की मांग की। इस प्रकार दर्जनों बंदियों ने अपनी समस्या रखी, जिसके निराकरण कराए जाने हेतु आश्वासन दिया गया। इस दौरान मुख्य रुप से लीगल एड डिफेंस काउंसिल सिस्टम के चीफ अन्जय कुमार श्रीवास्तव, डिप्टी संजीव कुमार पांडेय तथा डिप्टी जेलर हरिकेश व जेल पीएलवी सुनील समेत अन्य लोग मौजूद रहे।