ग्राम पंचायत अगौना में भव्य वन महोत्सव का आयोजन, बीट प्रभारी वंदना तिवारी के कुशल नेतृत्व में सफल रहा कार्यक्रम

बस्ती। विकासखंड बहादुरपुर की ग्राम पंचायत अगौना हट्ठी मां स्थान पर वन विभाग द्वारा भव्य वन महोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महादेवा विधायक दूधराम रहे। इस अवसर पर उन्होंने हरिशंकरी (पीपल, बरगद एवं पाकड़) का पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम में प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) डॉ. शिरीन, ग्रामीण स्वास्थ्य सेवक वेलफेयर एसोसिएशन उत्तर प्रदेश के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. प्रेम त्रिपाठी, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि शैलेंद्र दूबे तथा पर्यावरणविद् कैलाश नाथ दूबे ने भी “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत पौधरोपण कर अधिक से अधिक वृक्ष लगाने एवं उनकी देखभाल करने का आह्वान किया।
वन महोत्सव के सफल आयोजन में कलवारी बीट की प्रभारी वंदना तिवारी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनके निर्देशन और सतत प्रयासों से कार्यक्रम की तैयारियां सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुईं। क्षेत्र में पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण और पौधों के संरक्षण के प्रति उनकी सक्रिय कार्यशैली की उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय लोगों ने सराहना की। उन्होंने विद्यार्थियों और ग्रामीणों को पौधों की नियमित देखभाल तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने का संदेश भी दिया।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान प्रतिनिधि विजय यादव, ग्राम प्रधान कर्मी समशेर खान सहित सैफाबाद, कलवारी और कोंडर ग्राम पंचायतों के प्रधान उपस्थित रहे।
वन विभाग की ओर से रेंजर कप्तानगंज राजू प्रसाद, उप क्षेत्रीय वन अधिकारी सुनील कुमार गौड़, बीट प्रभारी वंदना तिवारी, वन दरोगा राममूरत, वनरक्षक शाश्वत दुबे तथा अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग दिया।
कार्यक्रम में क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं तथा विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। वक्ताओं ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और भावी पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए वृक्षारोपण अत्यंत आवश्यक है। कार्यक्रम का समापन अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी नियमित देखभाल का संकल्प लेकर किया गया।