- जिला कारागार में आयोजित हुआ बंदी समस्या समाधान दिवस
संतकबीरनगर: न्यायिक अधिकारी व जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव सुनील कुमार सिंह के निर्देशन में शुक्रवार को जिला कारागार में बंदी समस्या समाधान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में लीगल एड डिफेंस काउंसिल सिस्टम के चीफ अन्जय कुमार श्रीवास्तव ने विभिन्न बंदियों की समस्या सुनकर उनके समाधान कराए जाने हेतु आश्वस्त किया।
मेंहदावल थानाक्षेत्र के ठाकुरद्वारा मोहल्ला निवासी गणेश उर्फ मंकर ने कहा कि उन्हें सरकारी अधिवक्ता प्राप्त हैं। जमानत मंजूर हो जाने के बाद जमानत के शर्तों को पूरा न कर पाने के कारण रिहा नही हो पा रहा है। महुली थानाक्षेत्र के रतनपुर धायपोखर गांव निवासी इन्द्रेश चौधरी ने कहा कि वह मारपीट के एक मामले में जिला कारागार में निरुद्ध हैं। जमानत स्वीकार हो चुकी है, परंतु जमानत शर्तों को पूरा न कर पाने के कारण रिहा नही हो पा रहा है। इसी थानाक्षेत्र के नगुआ गांव निवासी गौतम तिवारी ने बताया कि चोरी के मामले में निरुद्ध है। जमानत स्वीकार होने के बावजूद शर्तों को पूरा न कर पाने के कारण रिहाई नही हो पा रही है। चीफ डिफेंस काउंसिल अन्जय कुमार श्रीवास्तव द्वारा उन्हें बताया गया कि उनके सामाजिक व आर्थिक स्थिति के संबंध में आख्या मंगाई गई है। शीघ्र ही संबंधित न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर रिहाई के संबंध में समुचित आदेश करने हेतु निवेदन किया जायेगा। इसी प्रकार बेलहर कला थानाक्षेत्र के भटौली गाँव निवासी महेश उर्फ महेंद्र ने कहा कि चोरी के एक मामले में उन्हें आरोपित कर जेल भेज दिया गया है। पैरवी करने वाला कोई नही है। उसने सरकारी अधिवक्ता की मांग किया। इस संबंध में प्रार्थना पत्र लेकर जिला कारागार के माध्यम से प्राधिकरण कार्यालय में भिजवाने की बात कही गई। इसप्रकार दर्जनों बंदियों ने अपनी समस्या रखी, जिनके निराकरण के प्रति आश्वासन दिया गया। इस दौरान मुख्य रुप से डिप्टी जेलर हरिकेश व जिला कारागार के अन्य कर्मी तथा बंदीगण मौजूद रहे।