बस्ती। जिले में घने कोहरे के कारण सड़क दुर्घटनाओं का खतरा ना बढ़े ऐसे में लोगों को सुरक्षित रखने के लिए देवदूत के नाम से विख्यात डॉ. प्रेम त्रिपाठी ने सराहनीय पहल की है। उन्होंने साइकिल चालकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए साइकिलों के पीछे रिफ्लेक्टर पट्टी लगवाने के अभियान का शुभारम्भ किया।
राम जानकी मार्ग पर दुबौली दूबे के पास डॉ. त्रिपाठी की टीम ने दर्जनों साइकिलों पर रिफ्लेक्टर पट्टी लगाई। उन्होंने साइकिल चालकों को जागरूक करते हुए बताया कि कोहरे के दौरान वाहन चालकों की दृष्टि कम हो जाती है, ऐसे में रिफ्लेक्टर पट्टी लगने से पीछे से आने वाले वाहन साइकिल को आसानी से देख सकते हैं और हादसों से बचा जा सकता है।
स्थानीय लोगों ने इस नेक कदम की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे अभियान से सड़क सुरक्षा को मजबूती मिलेगी और दुर्घटनाओं में कमी आएगी।