बेहतर स्वास्थ्य से बदतर स्वास्थ्य की ओर ले जाते फास्ट फूड

गोरखपुर
आज के आधुनिक युग में बाजारवाद ने हमारे रहन सहन और खानपान में काफी बदलाव ला दिया है। पिज्जा, चाउमीन, बर्गर, हॉट डॉग, पेस्ट्री, समोसे, कोल्ड ड्रिंक आदि ढेरों ऐसे खाद्य पदार्थ हैं इस जंक फूड के बारे में सोचकर ही हमारे मुंह में पानी आ जाता है।
हर गली-नुक्कड़-चौराहे पर आपको यह फास्ट फूड आसानी से मिल जाएंगे। कुछ लोग स्वाद और आलस के कारण और समय बचाने के कारण फास्ट फूड का खूब सेवन करते हैं। लेकिन यह बेहद स्वादिष्ट लगने वाले फास्ट फूड आपकी सेहत के लिए कितने हानिकारक है। यहां तक कि इनके ज्यादा सेवन से जान को भी खतरा हो सकता है।
जब खानपान सही रहेगा तो बीमारियां भी दूर भागेंगी। ध्यान देने वाली बात यह है कि हमारे शरीर की 80% बीमारियां पेट से जुड़ी होतीं हैं। फास्ट फूड के सेवन से पेट सम्बन्धी रोग होने की संभावना काफी बढ़ जाती है।
किसी भी फास्ट फूड में फाइबर की मात्रा बहुत कम होती है, जिसका सीधा असर आपकी पाचन क्रिया पर पड़ता है और शरीर का मेटाबोलिज्म बिगड़ जाता है। फास्ट फूड से आपका पेट तो भर जाता है लेकिन प्रोटीन, कार्बोहाईड्रेट और विटामिन जैसे जरूरी पोषक तत्व आपके शरीर को नहीं मिल पाते।
फास्ट फूड के सेवन से मोटापा तेजी से बढ़ता है जिसके कारण डायबिटीज और दिल से जुड़ी बीमारी होने का खतरा बना रहता है। फास्टफूड में शुगर की मात्रा अधिक और पोषक तत्व की कमी होने के कारण यह सुस्त बनाता है।
दिन भर थकावट महसूस होगी और आलस का शिकार हो जाएंगे। कोलेस्ट्रोल बढ़ाने में भी फास्टफूड आग में घी का काम करता है। कोलेस्ट्रोल बढ़ने की स्थिति में दिल का दौरा भी पड़ सकता है।
फास्ट फूड का ज्यादा सेवन थकान और तनाव की स्थिति पैदा करता है। हमारे शरीर में एनर्जी का मुख्य स्रोत है प्रोटीन। प्रोटीन की मात्रा में कमी होने पर मांसपेशियों में शिथिलता आ जाएगी और विटामिन की कमी से विभिन्न तरह के रोगों का सामना करना पड़ सकता है। फास्ट फूड में यह दोनों ही बेहद जरूरी पोषक तत्व न के बराबर होते हैं जिसके कारण हम खुद में कमजोरी महसूस करने लगते हैं।लगातार इसी अवस्था में रहने पर बुखार, सिरदर्द, अनिद्रा जैसीबीमारियां घेर लेती हैं। प्रतिरोधक क्षमता में कमी आने कारण यह छोटी बीमारियां कब विकराल रूप अख्तियार कर लेतीं हैं, पता ही नहीं चलता।
जान है तो जहान है। निरोगी काया ही जीवन में सुख की अनुभूति का एहसास करा सकती है यद्यपि बाजारवाद के प्रभाव से फास्टफूड हमारे आधुनिक समय का अहम हिस्सा बन गया है। लेकिन इसके सेवन में सजगता बरतना भी बेहद जरूरी है| हमेशा ब्रेकफास्ट या स्नैक्स के रूप में ऐसे पदार्थों का ही सेवन करें जिसमें जरूरी पोषक तत्व पर्याप्त मात्रा में हो।
डा• रूप कुमार बनर्जी
( होमियोपैथिक चिकित्सक )