रिपोर्ट :- फय्याज (जिला संवाददाता बस्ती)
बस्ती जनपद में आगामी 22 जनवरी को अयोध्या में राम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम के मद्देनजर राष्ट्रीय राजमार्ग पर सुरक्षात्मक उपाय सुदृढ़ करने के लिए जिलाधिकारी अन्द्रा वामसी ने विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया है। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर मरम्मत तथा साइनेज लगाने का कार्य समय से पूरा कर लिया जाए। छावनी फ्लाईओवर पर दोनों तरफ सुरक्षात्मक उपाय करते हुए साइनेज लगाए जाएं ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना की संभावना न रहे। उन्होंने यहां पर जाम की स्थिति से भी बचने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि टांडा मार्ग पर सरयू पुल के पास भी सुरक्षात्मक उपाय किए जाएं ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना की आशंका न रहे।
उन्होंने कहा कि अवैध कट पूरी तरह से बंद किए जाएं। साथ ही राष्ट्रीय राजमार्ग पर आकर मिलने वाली सभी सड़कों का सुरक्षात्मक उपाय सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने निर्देश दिया कि कप्तानगंज, मनौरी तथा पटेल चौराहे पर रंबलिंग स्ट्रिप लगाई जाए ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना से बचाव हो सके। सभी 25 ब्लैक स्पॉट पर राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण द्वारा सुधार की कार्यवाही पूर्ण किए जाने पर उनके द्वारा संतोष व्यक्त किया गया। समीक्षा में उन्होंने पाया कि नवंबर माह में 47 दुर्घटनाएं हुई है, इसके संबंध में पुलिस एवं राष्ट्रीय राजमार्ग द्वारा संयुक्त निरीक्षण करते हुए चिन्हित स्थानों पर आवश्यक सुधार किया गया।