संतकबीरनगर: जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष रणधीर सिंह के निर्देशन में संचालित इंटर्नशिप कार्यक्रम के अंतर्गत विधि छात्र-छात्राओं ने बाल कल्याण समिति की कार्यप्रणाली, अधिकारों एवं दायित्वों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को बताया गया कि बाल कल्याण समिति संरक्षण एवं देखरेख की आवश्यकता वाले बच्चों के हितों की रक्षा, पुनर्वास तथा उनके अधिकारों के संरक्षण हेतु महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। समिति द्वारा बाल संरक्षण से संबंधित मामलों के निस्तारण की प्रक्रिया से भी विद्यार्थियों को अवगत कराया गया।
यह कार्यक्रम लीगल एड डिफेंस काउंसिल सिस्टम के चीफ अन्जय कुमार श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। इस अवसर पर बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष राकेश कुमार श्रीवास्तव, सदस्य गया लाल वर्मा एवं अजय कुमार पांडेय ने छात्र-छात्राओं को समिति के कार्यों, बाल अधिकारों तथा संबंधित विधिक प्रावधानों की जानकारी प्रदान की।
वक्ताओं ने कहा कि इस प्रकार के इंटर्नशिप कार्यक्रम विद्यार्थियों को न्याय व्यवस्था एवं विधिक संस्थाओं की कार्यप्रणाली को व्यवहारिक रूप से समझने का अवसर प्रदान करते हैं। छात्र-छात्राओं ने भी विभिन्न विषयों पर प्रश्न पूछकर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया।
कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के लिपिक रामभवन चौधरी, मुलायम यादव, पीएलवी ममता सिंह तथा विभिन्न विधि महाविद्यालय के छात्र व छात्राएं उपस्थित रहीं। अंत में सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।