सरयू के बढ़ रहे जलस्तर को देखने पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम
- क्षेत्र हेल्थ एण्ड वेलनेस सेण्टरों को किया अलर्ट, विभिन्न गांवों का भ्रमण
- क्षेत्र के स्वास्थ्यकर्मियों को स्थिति पर नजर रखने के दिए निर्देश
संतकबीरनगर। 11 सितम्बर 2019
जनपद के दक्षिणांचल से होकर गुजरने वाली घाघरा नदी में बढ़ रहे जलस्तर को देखते हुए स्वास्थ्य महकमा पूरी तरह से अलर्ट पर आ गया है। जिलाधिकारी तथा सीएमओ के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग के जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ ए के सिन्हा के निर्देशन में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बाढ़ के डूब क्षेत्र में आने वाले इलाकों का जायजा लिया। यही नहीं इस क्षेत्र में पड़ने वाले हेल्थ एण्ड वेलनेस सेण्टरों तथा उपकेन्द्रों के कर्मियों को भी स्थिति से अवगत कराते हुए उन्होने अलर्ट किया।
सीएमओ डॉ हरगोविन्द सिंह के निर्देश पर सर्विलांस प्रभारी डॉ ए के सिन्हा जिले के एपीडेमियोलाजिस्ट ( महामारी रोग विशेषज्ञ ) डॉ मुबारक अली के साथ सबसे पहले तिघरा स्थित पुलिया पर पहुंचे, वहां पर नदी का पानी मैदानी इलाके में आता दिखाई दिया। इसके बाद वे हैसर बाजार सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र प्रक्षेत्र में पड़ने वाले हेल्थ एण्ड वेलनेस सेण्टर दौलतपुर, चपरा पूर्वी, अशरफपुर व बभनौली के साथ ही कंचनपुर, रजनौली, माझा खड़गपुर, गोनवतिया, गायघाट समेत अन्य गांवों में भी गए तथा वहां पर तैनात स्टाफ से उन्होंने बाढ़ को लेकर पूरी तरह से सतर्क रहने के निर्देश दिए। आशा व आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर लोगों को हर समय जागरूक रहने के निर्देश भी दिए। क्षेत्र की एएनएम को केन्द्र पर हर समय जीवन रक्षक दवाओं के साथ ही क्लोरीन की गोलियां और ब्लीचिंग पाउडर रखने के लिए कहा। ताकि आपात स्थितियों में उसका उपयोग कराया जा सके। सांप काटने वाली दवाओं की उपलब्धता के बारे में भी जानकारी प्राप्त की। टीम में संजय गुप्ता, कमरुद्दीन के साथ ही अन्य लोग मौजूद रहे।
औराडाड़ को बनाया गया स्टोर
जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ ए के सिन्हा ने बताया कि प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र औराडाड़ को इस क्षेत्र का स्टोर बनाया गया है। इसी पर सारी दवाएं रहेंगी और बाढ़ के दौरान यही केन्द्र पूरे बाढ़ क्षेत्र के मुख्य कण्ट्रोल रुम के रुप में कार्य करेगा। यहां पर पर्याप्त मात्रा में क्लोरीन, ओआरएस व जिंक तथा ब्लीचिंग आदि रखवा दिया गया है।
महामारी रोग विशेषज्ञ ने भी लिया जायजा
इस दौरान जिले के महामारी रोग विशेषज्ञ डॉ मुबारक अली ने भी क्षेत्र का जायजा लिया। जिन क्षेत्रों में बाढ़ का पानी फैलने की संभावना है, उन क्षेत्रों में जाकर उन्होने स्थितियों को देखा तथा लोगों को बाढ़ के दौरान विशेष रुप से सावधान रहने को कहा, ताकि बाढ़ का पानी जमा होने पर महामारी न फैले।
फोटो –
1 – तिघरा पुलिया पर बाढ़ के पानी को मैदानी इलाकों में पहुंचते देखते हुए डॉ ए के सिन्हा
2- एएनएम से क्षेत्र की जानकारी लेते हुए जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ ए के सिन्हा

