जनपदवासियों के लिए राहत, नहीं है जिले में कोई भी कोरोना का संदिग्ध मरीज
– कोरोना की आशंका में डरबन से आए व्यक्ति की जांच रिपोर्ट आई निगेटिव
– 21 मार्च को किया गया था जिला चिकित्सालय के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती
संतकबीरनगर, 23 मार्च 2020
जितेन्द्र चौधरी

जनपदवासियों के लिए फिलहाल राहत की खबर है। डरबन से लौटे महुली थानाक्षेत्र के युवक की कोरोना जांच रिपोर्ट निगेटिव आई है। पिछले दो दिनों से वह विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में जिला अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराया गया था। उसे जरुरी एहतियात बरतने के निर्देश देकर वापस भेज दिया गया है।
कोरोना को लेकर फैल रही भ्रम की स्थिति को देखते हुए सीएमओ डॉ हरगोविन्द सिंह ने बताया कि फिलहाल जिले में कोरोना का कोई भी संदिग्ध नहीं है। न ही कोई भी कोरोना रोगियों के लिए बनाए गए आइसोलेशन वार्ड में भर्ती है। महुली थानाक्षेत्र के एक व्यक्ति को 21 मार्च को लाया गया था। वह डरबन से आया था। खांसी और सांस लेने में तकलीफ की शिकायत पर उसका सैम्पल निकालकर 21 मार्च को ही लखनऊ के केजीएमसी स्थित माइक्रोबायोलाजी लैब भेजा गया था। आज उसकी जांच रिपोर्ट निेगेटिव आई है। फिलहाल वह खतरे से बाहर है। जरुरी एहतियात बरतने के निर्देश देते हुए उसे वापस भेज दिया गया है। जिले में कुल 91 विदेशी लोग आए हैं। उनमें से 10 के नाम पते गलत होने से उनसे सम्पर्क नहीं हो पाया है। जबकि अन्य सभी लोगों को 14 – 14 दिन के दो इक्यूवेशन पीरियड तक निगरानी की जा चुकी है। सभी खतरे से बाहर हैं। सभी जनपदवासियों से अपील है कि कोई भी ऐसा व्यक्ति जो हाल के दिनों में विदेश से आया है और उसका इक्यूवेशन नहीं हुआ है वह आकर खुद अपनी जांच करवा ले।
कोरोना संक्रमण से निबटने के लिए जरुरी है यह एहतियात
सीएमओ डॉ हरगोविन्द सिंह ने बताया कि कोरोना वायरस से बचाव के लिए हाथों को बार-बार साबुन और साफ पानी से अच्छी तरह धोएं। खांसते और छींकते समय नाक और मुंह को टिश्यू पेपर या रूमाल से ढंकें। इस्तेमाल किए टिश्यू पेपर को कूड़ेदान में ही फेंकें। अगर खांसी या बुखार के लक्षण हो या सांस लेने में तकलीफ हो तो तुरंत नजदीक के सरकारी अस्पताल पर जाएं। खांसी बुखार या सांस लेने में दिक्कत होने पर और लक्षण समाप्त होने तक घर पर ही आराम करें। लोगों से कम से कम एक मीटर की दूरी बनाए रखें। साथ ही यह भी बताया गया कि कोरोना से बचने के लिए जरुरी एहतियात यह है कि सार्वजनिक और खुले स्थान पर न थूकें। बेवजह अपनी आंखें, नाक या मुँह न छुएं। छूने के बाद हमेशा हाथों को अच्छी तरह साबुन से धोएं। खांसी या बुखार के लक्षण होने पर या सांस लेने में तकलीफ होने पर सार्वजनिक स्थानों पर न जाएँ और लोगों से निकट संपर्क न करें तथा सीधे स्थानीय स्वास्थ्य इकाई पर जाएं।
फोटो –
डॉ हरगोविन्द सिंह, सीएमओ
कोरोना वायरस की प्रतीकात्मक फोटो