कोरोना वायरस के सम्बन्ध में जागरुक किए गए किशोर, बताए बचाव के तरीके
– जिले के खलीलाबाद, हैसर, मेहदावल व सेमरियांवा में आयोजित हुए कार्यक्रम
– कोरोना के साथ ही माहवारी स्वच्छता प्रबन्धन पर भी आयोजित हुई परिचर्चा
संतकबीरनगर, 19 मार्च 2020
जितेन्द्र चौधरी

कोरोना वायरस से बचाव के लिए चल रहे जागरुकता कार्यक्रमों में अब राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम ( आरकेएसके ) की टीम भी मैदान में आ गई है। जिले में खलीलाबाद, मेहदावल, हैसर व सेमरियावा ब्लाक क्षेत्र के 54 उपकेन्द्रों पर किशोरों को कोरोना से सम्बन्धित जानकारियां किशोर स्वास्थ्य दिवस के माध्यम से दी गईं, वहीं किशोरियों को माहवारी स्वच्छता प्रबन्धन के गुर भी सिखाए गए।
सीएमओ डॉ हरगोविन्द सिंह के निर्देशन में राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत किशोर स्वास्थ्य दिवस का आयोजन जनपद के चार ब्लॉकों ख़लीलाबाद, हैंसर बाजार, मेंहदावल एवं सेमरियावां के 54 उपकेंद्रों पर एएनएम की अध्यक्षता में आयोजित हुआ जिसमें आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकत्री व किशोर-किशोरिया उपस्थित रहीं। किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम के जिला समन्वयक दीनदयाल वर्मा ने बताया कि किशोर स्वास्थ्य दिवस पर उपस्थित किशोर-किशोरियों को कोरोना वायरस से बचाव के लिए हैंड वाशिंग, सेनेटाइजिंग (प्रतिरोधन) समेत आवश्यक बातें बताई गईं। किशोर किशोरियों के स्वास्थ्य जांच के साथ किशोरियों में सेनेटरी नैपकिन, आयरन टेबलेट्स आदि का वितरण किया गया । इस दौरान किशोरों और किशोरियों का स्वास्थ्य जांच भी किया गया। इसमें विशेषकर लम्बाई, वजन, खून की जांच, ब्लड प्रेशर, शारीरिक मानसिक समस्याओं को देखा गया। साथ ही साथ किशोर, किशोरियों के पोषण, यौन एवं प्रजनन स्वास्थ्य, मानसिक स्वास्थ्य, असंक्रामक बीमारियों समेत माहवारी स्वच्छता प्रबन्धन विषयों पर जागरूकता पैदा की गई। किशोरों को इस विषय पर जागरूक भी किया गया। व्यापक परिचर्चा की गई। इसके साथ ही मौके पर एएनएम के द्वारा किशोरियों को सैनेटरी नैपकिन, आयरन की गोलियां तथा जागरूकता के लिए पम्पलेट का भी वितरण एएनएम के द्वारा किया गया। किशोर व किशोरियों के उत्साहवर्धन के लिए पुस्तकें, पानी की बोतलों आदि का भी वितरण किया गया।
कोरोना से बचाव के लिए दी गई यह जानकारियां
राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम के जिला समन्वयक ने बताया कि किशोरों को इस दौरान कोरोना से बचाव के विविध उपाय सुझाए गए। उन्हें यह बताया गया कि वे क्या करें और क्या न करें। उन्हें यह बताया गया कि कोरोना वायरस से बचाव के लिए हाथों को बार-बार साबुन और साफ पानी से अच्छी तरह धोएं। खांसते और छींकते समय नाक और मुंह को टिश्यू पेपर या रूमाल से ढंकें। इस्तेमाल किए टिश्यू पेपर को कूड़ेदान में ही फेंकें। अगर खांसी या बुखार के लक्षण हो या सांस लेने में तकलीफ हो तो तुरंत नजदीक के सरकारी अस्पताल पर जाएं। खांसी बुखार या सांस लेने में दिक्कत होने पर और लक्षण समाप्त होने तक घर पर ही आराम करें। लोगों से कम से कम एक मीटर की दूरी बनाए रखें। साथ ही यह भी बताया गया कि कोरोना से बचने के लिए जरुरी एहतियात यह है कि सार्वजनिक और खुले स्थान पर न थूकें। बेवजह अपनी आंखें, नाक या मुँह न छुएं। छूने के बाद हमेशा हाथों को अच्छी तरह साबुन से धोएं। खांसी या बुखार के लक्षण होने पर या सांस लेने में तकलीफ होने पर सार्वजनिक स्थानों पर न जाएँ और लोगों से निकट संपर्क न करें तथा सीधे स्थानीय स्वास्थ्य इकाई पर जाएं।
फोटो परिचय
हाथ धुलने के तरीके के बारे में जानकारी देते हुए प्रशिक्षक
सेनेटाइजेशन की जानकारी प्रादान करते हुए आशा व आंगनबाडी कार्यकर्ता
सेनेटरी नैपकिन देते हुए एएनएम