फॉर्च्यूनर कार से अपहरण करने आए थे बदमाश, डॉक्टर ने ‘मरीज’ बनकर बचाली अपनी जान!
गोरखपुर व्यूरों : उत्तर प्रदेश के गोरखपुर कैंट इलाके के शंकर नेत्रालय के मालिक और वरिष्ठ नेत्र चिकित्सक आशुतोष शुक्ला के अपहरण की कोशिश का मामला सामने आया है। बुधवार सुबह करीब 10.30 बजे ही डॉक्टर अपहरण की कोशिश की शिकायत लेकर सीसीटीवी फुटेज के साथ कैंट पुलिस के पास पहुंचे। हालांकि बाद में तहरीर को भ्रम की स्थिति में दिए जाने की बात कहकर वापस ले ली। पुलिस जांच पड़ताल में जुटी थी इसी बीच बुधवार की रात डॉक्टर ने दोबारा तहरीर भेज दी, जिसके आधार पर पुलिस ने अपहरण के प्रयास का केस दर्ज कर लिया। शुरुआती जांच में मामला आपसी लेनदेन का सामने आया है। आरोपी डॉक्टर का एक करीबी रिश्तेदार है जो सीसीटीवी कैमरे में कैद है। मिली जानकारी के मुताबिक डॉक्टर आशुतोष का कैंट क्षेत्र में हाईवे पर आंख का अस्पताल है। अस्पताल में ही उनका आवास भी है। मंगलवार को होली के दिन शाम तकरीबन पांच बजे वे अपनी कार से पत्नी और बच्चों के साथ किसी रिश्तेदार के घर जाने की तैयारी में थे। अस्पताल के बाहर खड़े होकर वे पत्नी व बच्चों का इंतजार कर रहे थे।
उनका चालक कार को बाहर निकाल रहा था। इस बीच अस्पताल के सामने एक-एक कर चार लग्जरी कारें आकर रुकीं। बीच में खड़ी लग्जरी कार में बैठे लोगों ने अस्पताल की तरफ दरवाजा खोल रखा था। इस बीच कार में सवार दो लोग डॉक्टर के पास पहुंचे।