11 दिनों में ही 08 महिलाओं की सिजेरियन डिलिवरी की डॉ विजय ने
– सीएचसी खलीलाबाद में बन्द पड़ी सिजेरियन डिलिवरी को किया चालू
– एचआरपी महिलाओं को डिलिवरी के लिए जाना पड़ता था प्राइवेट अस्पताल
संतकबीरनगर, 14 जनवरी 2020
जितेन्द्र चौधरी

जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र खलीलाबाद में बन्द हो चुकी सिजेरियन डिलिवरी को चालू करने वाले स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ विजय गुप्ता ने मात्र 11 दिनों में ही 8 सिजेरियन डिलिवरी करके एक नया रिकार्ड कायम किया है।
स्त्री व प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ विजय कुमार गुप्ता केजीएमयू से स्त्री रोग विशेषज्ञ व सर्जन का कोर्स करके पिछले 6 महीने से मेंहदावल सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पर तैनात थे। लेकिन वहां पर आपरेशन थियेटर और अकुशल कर्मियों के अभाव में एक भी आपरेशन नहीं कर पाए। गत 1 जनवरी को पिछले तीन महीने से सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र खलीलाबाद में बन्द पड़ी सिजेरियन डिलिवरी को चालू करने के लिए सीएमओ डॉ हरगोविन्द सिंह ने उन्हे खलीलाबाद भेजा। खलीलाबाद में आते ही उन्होने अपने कुशल स्टाफ के साथ मिलकर मात्र 11 कार्यदिवसों में ही उन्होने 8 महिलाओं की सिजेरियन डिलिवरी की। जिन महिलाओं की सिजेरियन डिलिवरी की गई है वे सभी हाई रिस्क प्रेग्नेन्सी ( एचआरपी ) के दौर से गुजर रही थीं। उनकी तैनाती के पहले ऐसी महिलाओं को डिलिवरी के लिए प्राइवेट अस्पताल या जिला अस्पताल की शरण में जाना पड़ता था। सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र खलीलाबाद के चिकित्सा अधीक्षक डॉ वेदप्रकाश पाण्डेय का कहना है कि डॉ विजय गुप्ता एक अच्छे विशेषज्ञ हैं। उनके आने से एकाएक मरीजों की सिजेरियन डिलिवरी बढ़ गई है। वे काफी मिलनसार व मृदुभाषी भी हैं। यहां पर सभी सुविधाएं हो गई हैं। गर्भवती महिलाएं संस्थागत डिलिवरी के लिए यहां आ सकती हैं। हमारे वार्ड में हीटर के साथ ही अन्य सारी सुविधाएं हैं।
डॉ रामशिला के साथ बनी जोड़ी
शासन से डॉ विजय कुमार गुप्ता स्त्री रोग विशेषज्ञ व सर्जन तथा डॉ रामशिला, निश्चेतक की जोड़ी बनाते हुए उन्हे खलीलाबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पर तैनाती के लिए 6 माह पहले ही भेजा गया था। लेकिन कतिपय कारणों से चिकित्साधिकारियों ने उन्हें अकेले मेंहदावल सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र भेज दिया। वहां पर आपरेशन थियेटर में आवश्यक उपकरणों की कमी के चलते वे पिछले 6 माह में एक भी डिलिवरी नहीं कर सके।
दो इकाइयों पर ही होती है सिजेरियन डिलिवरी
स्त्री रोग विशेषज्ञ व सर्जन की नामौजूदगी के चलते जिले में केवल दो इकाइयों पर ही सिजेरियन डिलिवरी की जाती थी। एक जिला अस्पताल तथा दूसरा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र खलीलाबाद। शेष किसी भी इकाई पर सिजेरियन डिलिवरी की व्यवस्था नहीं है।