संत कबीर नगर। जिले के खलीलाबाद तहसील क्षेत्र के तीनहरी माफी निवासी नसीम अहमद उर्फ नसीमुद्दीन ने जमीन से जुड़े गंभीर फर्जीवाड़े का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री को प्रार्थना पत्र भेजकर जांच और कार्रवाई की मांग की है।
प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया गया है कि अब्दुल रहमान द्वारा पूर्व में बेची गई जमीन, जो खतौनी में दर्ज भी हो चुकी थी, उसे दोबारा उनके उत्तराधिकारियों द्वारा अन्य लोगों को बेच दिया गया। इतना ही नहीं, संबंधित जमीन पर कब्जा न होने के बावजूद भी कुछ लोगों द्वारा गैरकानूनी तरीके से रजिस्ट्री कराए जाने की बात सामने आई है।
पीड़ित का कहना है कि गाटा संख्या 95 की जमीन पर पहले से वैध खरीद दर्ज होने के बावजूद, बाद में पुनः विक्रय कर दिया गया, जिससे विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस पूरे प्रकरण में साजिश के तहत फर्जी तरीके अपनाए गए हैं।
पीड़ित ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि न्याय मिल सके और भविष्य में इस प्रकार के मामलों पर रोक लग सके।