संतकबीर नगर, 17 मार्च।सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा संचालित अटल वयो अभ्युदय योजना (AVVAY) के अंतर्गत वरिष्ठ नागरिकों हेतु राज्य कार्ययोजना (SAPSrC) के तहत जनपद में वरिष्ठ नागरिकों के लिए विभिन्न लाभकारी कार्यक्रम संचालित किए जाएंगे।
उक्त आशा की जानकारी देते हुए जिला समाज कल्याण अधिकारी महेंद्र कुमार ने बताया कि इस योजना का उद्देश्य बुजुर्गों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं, सामाजिक सुरक्षा एवं सम्मानजनक जीवन प्रदान करना है। इसके अंतर्गत जिले में स्वास्थ्य सेवाओं, जागरूकता कार्यक्रमों तथा सामाजिक जुड़ाव से संबंधित गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।
इन सुविधाओं का मिलेगा लाभ
योजना के तहत पात्र वरिष्ठ नागरिकों को निःशुल्क मोतियाबिंद सर्जरी कराई जाएगी। इसके अलावा विभिन्न स्थानों पर स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिविर आयोजित कर बुजुर्गों की स्वास्थ्य जांच की जाएगी। इन शिविरों में विशेष रूप से डिमेंशिया स्क्रीनिंग तथा गैर-संचारी रोग (NCD) की जांच की जाएगी और आवश्यकतानुसार निःशुल्क दवाएं वितरित की जाएंगी।
सामाजिक व मानसिक विकास पर भी जोर
वरिष्ठ नागरिकों को सक्रिय और आत्मनिर्भर बनाने के लिए उत्पादक वृद्धावस्था गतिविधियां संचालित की जाएंगी। वहीं समाज में बुजुर्गों के सम्मान और अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए जागरूकता अभियान चलाए जाएंगे।
युवाओं और बुजुर्गों के बीच संवाद स्थापित करने हेतु अंतर-पीढ़ीगत जुड़ाव कार्यक्रम भी आयोजित होंगे। इसके साथ ही योग, ध्यान, मानसिक स्वास्थ्य सुधार और सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से वरिष्ठ नागरिकों के समग्र विकास पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
संस्थाओं से मांगे गए आवेदन
इन योजनाओं के संचालन हेतु योग्य गैर-सरकारी संगठन (NGOs) एवं स्वैच्छिक संगठन (VOs) से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
आवेदन करने वाली संस्थाओं का पंजीकरण सोसायटी रजिस्ट्रेशन एक्ट 1860 या संबंधित अधिनियम के अंतर्गत होना अनिवार्य है। साथ ही NGO Darpan पोर्टल पर पंजीकरण, बैंक खाता, पैन कार्ड, GST प्रमाण पत्र एवं विगत वर्षों की प्रगति व ऑडिट रिपोर्ट आवश्यक होगी।
यहां करें आवेदन
इच्छुक संस्थाएं अपने आवेदन आवश्यक दस्तावेजों के साथ जिला समाज कल्याण अधिकारी, विकास भवन, संतकबीर नगर कार्यालय में जमा कर सकती हैं।
🗓 आवेदन की अंतिम तिथि: 20 मार्च 2026
मुख्य उद्देश्य
इस योजना का मुख्य उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं, सामाजिक सुरक्षा एवं सम्मानजनक जीवन प्रदान करना है, ताकि वे समाज में सक्रिय और सुरक्षित जीवन जी सकें।
के के मिश्रा जर्नलिस्ट