अमर शहीदों के बलिदान का इतिहास जानकर राष्ट्र निर्माण में निभाएं अपनी भूमिका : जय चौबे
अनुशासन, संस्कार और कठिन परिश्रम से ही साकार होगा विकसित भारत का सपना : डॉ. उदय प्रताप चतुर्वेदी व राकेश चतुर्वेदी

संत कबीरनगर 15 अगस्त 2026 नाथनगर में स्थित शैक्षणिक संस्थान एसआर इंटरनेशनल एकेडमी में स्वतंत्रता दिवस की 80वीं वर्षगांठ देशभक्ति, उत्साह और राष्ट्रभक्ति के माहौल में धूमधाम से मनाई गई। भारत माता के जयघोष, राष्ट्रगान और देशभक्ति गीतों के बीच आयोजित समारोह में पूर्व विधायक दिग्विजय नारायण उर्फ जय चौबे ने एकेडमी के मैनेजिंग डायरेक्टर एवं पूर्व ब्लॉक प्रमुख राकेश चतुर्वेदी के साथ ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी। इस दौरान पूरा परिसर देशभक्ति के माहौल में डूबा हुआ था विद्यालय परिसर के अंदर हर तरफ से भारत माता की जय वंदे मातरम जैसे गगन बेदी नारों से गूंज रहमान हो रहा था,
कार्यक्रम के शुभारंभ में मां सरस्वती और संस्थान के संस्थापक स्वर्गीय पंडित सूर्य नारायण चतुर्वेदी की प्रतिमा पर माल्यार्पण और पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। पूर्व विधायक जय चौबे, सूर्या ग्रुप के चेयरमैन डॉ. उदय प्रताप चतुर्वेदी, एसआर इंटरनेशनल एकेडमी के मैनेजिंग डायरेक्टर राकेश चतुर्वेदी, असिस्टेंट डायरेक्टर मनोज पांडेय, पीजी कॉलेज के प्राचार्य वेद प्रकाश पांडेय और प्रधानाचार्य दुर्गेश कुमार गोस्वामी ने अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके योगदान को याद किया।
मुख्य अतिथि जय चौबे ने अपने संबोधन में कहा कि आजादी हमें विरासत में नहीं मिली है, बल्कि इसके लिए लाखों वीर सपूतों ने अपने प्राणों की आहुति दी है। इसलिए युवाओं को स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास का गहन अध्ययन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि शहीदों के संघर्ष, त्याग और बलिदान से प्रेरणा लेकर ही युवा पीढ़ी देश के प्रति अपने दायित्वों को समझ सकती है। राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना ही सच्ची देशभक्ति है और इसी के माध्यम से भारत को और अधिक मजबूत बनाया जा सकता है।
सूर्या ग्रुप के चेयरमैन डॉ. उदय प्रताप चतुर्वेदी ने कहा कि अमर शहीदों ने फांसी के फंदों को चूमकर और अपने खून की आहुति देकर देश को आजादी दिलाई है। आज के युवाओं की जिम्मेदारी है कि वे इस आजादी की रक्षा करते हुए देश को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएं। उन्होंने छात्र-छात्राओं से अनुशासन, संस्कार और कठिन परिश्रम को अपने जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि यही अमर शहीदों के सपनों को साकार करने का सबसे प्रभावी माध्यम है।
मैनेजिंग डायरेक्टर एवं पूर्व ब्लॉक प्रमुख राकेश चतुर्वेदी ने कहा कि शिक्षा केवल रोजगार प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण की सबसे मजबूत नींव है। शिक्षा, समाजसेवा, व्यवसाय और रोजगार सभी का उद्देश्य देश के विकास से जुड़ा होना चाहिए। छात्र-छात्राओं को अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित होकर कठिन परिश्रम करना चाहिए, ताकि वे देश के नवनिर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव का दिन नहीं, बल्कि अपने कर्तव्यों के प्रति संकल्प लेने का भी अवसर है।
कार्यक्रम के दौरान देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया। छात्र-छात्राओं ने तिरंगे के सम्मान, राष्ट्र की एकता और अखंडता को बनाए रखने तथा देशहित में कार्य करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर डिप्टी डायरेक्टर मनोज कुमार पांडेय, प्राचार्य वेद प्रकाश पांडेय, प्रधानाचार्य दुर्गेश कुमार गोस्वामी, मायाराम पाठक, अजय मिश्र, कृष्णा मिश्रा, महेन्द्र चौधरी, हरिश्चंद्र यादव, प्रेम प्रकाश पांडेय, प्रीति मिश्रा, रिवाना मुखिया, धर्मेंद्र चौरसिया, एस.एन. शुक्ला सहित संस्थान के शिक्षक, कर्मचारी, अभिभावक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
के के मिश्रा जर्नलिस्ट