
खलीलाबाद-संतकबीरनगर। दिनांक 26 जनवरी 2026 को हीरालाल रामनिवास सरस्वती शिशु मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, खलीलाबाद में 77वां गणतंत्र दिवस बड़े ही हर्षोल्लास एवं देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय द्वारा भव्य प्रभातफेरी निकाली गई, जिसमें आकर्षक झांकियां भी शामिल रहीं, जिसने नगरवासियों का ध्यान आकर्षित किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ ध्वजारोहण के साथ हुआ, जिसे खलीलाबाद के नगरपालिका अध्यक्ष जगत जयसवाल द्वारा संपन्न कराया गया। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में शहर के प्रमुख व्यवसायी कुंजबिहारी रुंगटा उपस्थित रहे। विद्यालय के कोषाध्यक्ष उमाकांत सिंह भी इस अवसर पर मौजूद रहे।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में नन्हे-मुन्ने बच्चों ने “आज मंगलवार है, चूहे को बुखार है” पर मनोहारी प्रस्तुति दी। कक्षा चतुर्थ की बालिकाओं ने भावनृत्य प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। “आयो रे शुभ दिन आयो रे” गीत पर प्रस्तुति ने माहौल को और भी देशभक्ति से भर दिया।
कक्षा आठ के छात्र दिव्यांश चौरसिया ने अंग्रेजी भाषण प्रस्तुत किया। कक्षा प्रथम की बालिकाओं ने “रे मामा थे मामा” गीत पर प्रस्तुति देकर खूब वाहवाही बटोरी। कक्षा छठी की छात्राओं ने “सुन लो सुनाता हूं तुमको कहानी, रूठो ना हमसे न गुड़ियों की रानी” गीत पर सुंदर नृत्य प्रस्तुत किया। वहीं कक्षा द्वितीय की छात्राओं द्वारा “गलती से मिस्टेक” गीत पर नृत्य भी सराहनीय रहा।
अपने संबोधन में नगरपालिका अध्यक्ष जगत जयसवाल ने कहा कि आज उन शहीदों को याद करने का दिन है, जिनके बलिदान से हम आज आज़ादी और अमन-चैन से जीवन जी रहे हैं। राष्ट्रीय पर्व पर हम सबकी आंखें नम हो जाती हैं। उन्होंने अभिभावकों को बधाई दी कि वे अपने बच्चों को राष्ट्रीय पर्वों में भाग लेने के लिए प्रेरित करते हैं। साथ ही विद्यालय में सुविधाएं बढ़ाने का आश्वासन भी दिया और बच्चों को आशीर्वाद देते हुए कहा कि वे अपने आचार्यों का सम्मान करते हुए आगे बढ़ें।
भैया तेजस त्रिपाठी ने अपने वक्तव्य में कहा कि आज़ादी हमें साहस और बलिदान से मिली है, इसलिए हमें इसकी रक्षा और सम्मान करना चाहिए।
इस अवसर पर अनिल कुमार त्रिपाठी, सुग्रीव गुप्ता, शिवा उपाध्याय, पूजा सिंह, गिरजेश त्रिपाठी, विनोद कुमार त्रिपाठी, वृजेश कुमार त्रिपाठी, उमेश चौरसिया, शशी पाल, वंशिका चौधरी, प्रदुम्न पांडेय, उमाकांत सिंह, रागिनी गुप्ता सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का सफल संचालन वृजेश त्रिपाठी द्वारा किया गया।