डॉ. प्रेम त्रिपाठी व विजय यादव बने देवदूत, समय पर पहुंचाया अस्पताल
बस्ती/ कलवारी थाना क्षेत्र अंतर्गत लुंबिनी–दुद्धी मार्ग पर स्थित बेईली तिराहे के पास एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में पैदल चल रहे व्यक्ति को बाइक सवारों ने टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना में घायल व्यक्ति का दाहिना पैर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बुद्धि सागर पुत्र राम सागर, उम्र लगभग 45 वर्ष, निवासी बबुरहिया (थाना कलवारी) सड़क किनारे पैदल जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रही बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बुद्धि सागर सड़क पर गिर पड़े और उनका दाहिना पैर गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल को कलवारी स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया। हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही राम-जानकी मार्ग के देवदूत के रूप में पहचाने जाने वाले डॉ. प्रेम त्रिपाठी एवं विजय यादव मौके पर पहुंचे और मानवीय संवेदना का परिचय देते हुए घायल को तत्काल सीएचसी कलवारी पहुंचाया, जिससे समय पर उपचार संभव हो सका।
इस दुर्घटना में घायल व्यक्तियों के नाम इस प्रकार बताए गए हैं—
- बुद्धि सागर पुत्र राम सागर, उम्र 45 वर्ष, निवासी बबुरहिया, थाना कलवारी
- राघवराम पुत्र राम धन, उम्र 50 वर्ष, निवासी परसौडा, हर्रैया
- महंथ पुत्र राम, उम्र 39 वर्ष, निवासी प्यारे कचूरे, थाना कलवारी
स्थानीय लोगों ने बताया कि लुंबिनी–दुद्धी मार्ग पर वाहनों की तेज रफ्तार और यातायात नियंत्रण की कमी के कारण आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। लोगों ने प्रशासन से बेईली तिराहे के पास स्पीड ब्रेकर, चेतावनी बोर्ड और नियमित पुलिस गश्त की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
फिलहाल पुलिस मामले की जानकारी जुटा रही है और घायल बुद्धि सागर का जिला अस्पताल में उपचार जारी है।