बस्ती

कलवारी थाना क्षेत्र के कुसौरा बाजार के पास बेलवाडाड़ गांव के समीप एक अर्टिगा कार सांड से टकरा गई। इस हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि कार में सवार दो लोग घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कार में सवार सभी लोग कचेहरी से अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही वाहन बेलवाडाड़ गांव के पास पहुंचा, तभी अचानक सड़क पर आपस में लड़ते हुए सांड आ गए। चालक को संभलने का मौका नहीं मिला और अर्टिगा कार सांड से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि वाहन का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया।
घायलों की पहचान
विजय नाथ चौधरी पुत्र राजेन्द्र, उम्र लगभग 25 वर्ष, निवासी ग्राम परेवा
वीरेंद्र कुमार पुत्र हरिराम, उम्र लगभग 30 वर्ष, निवासी परेवा, लालगंज
दुर्गेश कुमार पुत्र रामराज, उम्र लगभग 24 वर्ष, निवासी परेवा, लालगंज
के रूप में बताई गई है। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद घायलों की स्थिति को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीण स्वास्थ्य सेवक वेलफेयर एसोसिएशन उत्तर प्रदेश के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ प्रेम त्रिपाठी पहुंचे और घायलों को त्वरित सहायता उपलब्ध कराई। डॉ प्रेम त्रिपाठी ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को सुरक्षित बाहर निकलवाया और एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल भिजवाने में अहम भूमिका निभाई। उनके इस त्वरित मानवीय प्रयास की स्थानीय ग्रामीणों ने सराहना की।
सूचना पर कलवारी थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त वाहन को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारू कराया। घटना के बाद क्षेत्र में आवारा पशुओं की समस्या को लेकर लोगों में नाराजगी देखी गई। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क पर घूम रहे आवारा पशुओं पर शीघ्र नियंत्रण किया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं से बचा जा सके।