लाभार्थियों को स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं से आच्छादित करें आशा कार्यकर्ता – डीएम
– स्वास्थ्य विभाग के रीढ़ की हड्डी हैं आशा कार्यकर्ता – डॉ रंग जी द्विवेदी
– आशा सम्मेलन में सांस्कृति कार्यक्रमों के जरिए विविध जानकारियां दी गयीं
जितेन्द्र चौधरी
संतकबीरनगर, 22 अक्टूबर 2019
जिलाधिकारी रवीश गुप्त ने कहा कि आशा कार्यकर्ता स्वास्थ्य विभाग की पहली कड़ी हैं। वे स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं को समाज के अन्तिम व्यक्ति तक पहुंचाने का काम करती हैं। अगर आशा कार्यकर्ता सुदृढ़ होंगी तो स्वास्थ्य विभाग की सुदृढ़ होगा। सरकार के द्वारा चलाई जा रही जनोपयोगी स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ जन जन तक पहुंचाने का कार्य आशा कार्यकर्ता ही कर सकती हैं। इसलिए इन योजनाओं से सभी लाभार्थियों को आच्छादित करें।
यह बातें जिलाधिकारी ने सीएमओ कार्यालय पर आयोजित आशा कार्यकर्ता सम्मेलन को सम्बोधित करते हुए बतौर मुख्य अतिथि कहीं। सर्वप्रथम दीप प्रज्वलन के बाद कार्यक्रम का शुभारम्भ जिलाधिकारी के साथ सीएमओ डॉ हरगोविन्द सिंह तथा प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ पंकज टण्डन ने किया। इसके पश्चात डॉ ए के सिन्हा ने स्वास्थ्य विभाग के द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं की रुपरेखा प्रस्तुत की। वहीं एसीएमओ आरसीएच डॉ मोहन झा ने आयुष्मान भारत की योजना के बारे में विस्तार से जानकारी दी। आशा कार्यकर्ताओं के द्वारा इस दौरान सरकार की स्वास्थ्य योजनाओं को जोड़ते हुए विविध सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति की गई। कार्यक्रम के समापन अवसर पर अतिथि के रुप में पहुंचे अपर निदेशक स्वास्थ्य डॉ रंगजी द्विवेदी ने कहा कि बच्चे के गर्भ में आने से लेकर मृत्यु तक स्वास्थ्य विभाग का एक महत्वपूर्ण योगदान होता है। आशा कार्यकर्ता इसमें स्वास्थ्य विभाग के रीढ़ की हड्डी की तरह से काम करती है। इसलिए उसके योगदान को नकारा नहीं जा सकता। आशा कार्यकर्ता लोगों तक स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं को पहुंचाएं। संयुक्त निदेशक आर के तिवारी ने सभी आशा कार्यकर्ताओं का सहयोग मांगा। इस दौरान डॉ एस रहमान, डॉ मुबारक अली, स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी वेद प्रकाश यादव, डीपीएम विनीत श्रीवास्तव, डीसीपीएम संजीव सिंह, जिला मलेरिया अधिकारी अंगद सिंह, सहायक मलेरिया अधिकारी सुनील चौधरी, यूपीटीएसयू के फैमिली प्लानिंग एक्सपर्ट धर्मराज त्रिपाठी, कम्यूनिटी एक्सपर्ट करुणेश मिश्रा, यूनीसेफ के बेलाल अहमद के साथ ही अन्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के आयोजक भी पुरस्कृत
कार्यक्रम के संयोजक व जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ ए के सिन्हा को सीएमओ डॉ हरगोविन्द सिंह ने पुरस्कृत किया। वहीं स्टाल लगाने में नेत्र विभाग के अनिल मिश्रा को अपर निदेशक स्वास्थ्य रंग जी द्विवेदी ने पुरस्कृत किया। कार्यक्रम के बेहतर संचालन और नियोजन के लिए बीसीपीएम संजीव सिंह को कार्यक्रम संयोजक डॉ ए के सिन्हा तथा सीएमओ डॉ हरगोविन्द सिंह ने पुरस्कृत किया।
पुरस्कृत की गई आशा कार्यकर्ता
कार्यक्रम के दौरान नाटक में आशा कार्यकर्ता सरोज, मीना और मनोरमा को पहला तथा बिन्दू, रीता और मीना को दूसरा स्थान मिला। गीत में आशा देवी और मीरा को पहला तथा उर्मिला देवी को दूसरा स्थान मिला। स्वागत गीत में निर्मला राय को पहला तथा पूनम को दूसरा स्थान प्राप्त हुआ। वहीं ममता, विन्दू मिश्रा, मीरा देवी और विन्दू देवी को सान्त्वना पुरस्कार मिला।
नाटक के जरिए आशा कार्यकर्ताओं ने दिया पुरुष नसबन्दी का संदेश
इस दौरान आशा कार्यकर्ताओं सरोज, मीना व मनोरमा ने पुरुष नसबन्दी पर एक लघुनाटिका की प्रस्तुति की। उन्होने इस नाटक में दिखाया कि किस प्रकार से आशा कार्यकर्ता एक पुरुष को नसबन्दी के प्रति राजी कर सकती है। साथ साथ बिन्दू, मीना और रीता ने बच्चों के बीच में अन्तर करने वाले अन्तरा इंजेक्शन के प्रति लोगों को जागरुक करने का प्रदर्शन किया। नाथनगर की उर्मिला देवी ने दहेज पर गीत की सुमधुर प्रस्तुति की। वहीं सांथा की आशा देवी और मीरा ने युगल गीत की प्रस्तुति की। हैसर की ममता, बेलहर की विन्दू मिश्रा, खलीलाबाद की विन्दू देवी निर्मला राय तथा पूनम ने भी सुमधुर गीतों की प्रस्तुति करके सभी का मन मोह लिया।
चित्र परिचय –
आशा सम्मेलन को सम्बोधित करते हुए डीएम रवीश गुप्ता, एडी रंगजी द्विवेदी और सीएमओ डॉ हरगोविन्द सिंह
सास्कृतिक कार्यक्रम में बेहतर योगदान के लिए आशा कार्यकर्ताओं को पुरस्कृत करते हुए एडी हेल्थ
कार्यक्रम के दौरान मौजूद आशा कार्यकर्तागण
आशा सम्मेलन के दौरान मंचासीन अतिथिगण