वकील अहमद सिद्दीकी

बस्ती,बनकटी……इस्लामी माह शाबान का चाँद मंगलवार को नज़र आ गया। बुधवार को माह-ए-शाबान की पहली तारीख है। उलमा किराम ने ऐलान किया कि शब-ए-बरात पर्व मंगलवार 7 मार्च को अकीदत व एहतराम के साथ मनाया जाएगा। इस्लामी कैलेंडर के माह शाबान की पन्द्रहवीं तारीख की रात को शब-ए-बरात के नाम से जाना जाता है।
हाफिज अतहर हुशैन “शाही”ने बताया कि माह-ए-शाबान बहुत मुबारक महीना है। यह दीन-ए-इस्लाम का आठवाँ महीना है। इसके बाद माह-ए-रमजान आएगा। शब-ए-बरात के मौके पर नगर पंचायत बनकटी की तमाम मस्जिदों, दरगाहों, कब्रिस्तानों की साफ-सफाई व सजावट के साथ मुल्क की सलामती के लिए दुआ करें।
मौलाना शमीम साहब ने बताया कि शब-ए-बरात का अर्थ होता है छुटकारे की रात या निजात की रात। इस्लाम धर्म में इस रात को महत्वपूर्ण माना जाता है। हदीस शरीफ में है कि इस रात में साल भर के होने वाले तमाम काम बांटे जाते है सारी चीजें इसी रात को तकसीम की जाती है। इस दिन क्षेत्र की छोटी से लेकर बड़ी मस्जिदों, घरों में लोग इबादत करते है। अल्लाह से दुआ मांगते हैं। कब्रिस्तानों में जाकर पूर्वजों की कब्रों पर फातिहा पढ़कर उनकी बख्शिश की दुआ करते हैं। वलियों की दरगाहों पर जियारत के लिए जाते हैं। गरीबों को खाना खिलाया जाता है। और उनकी मदद की जाती है।
मदरसा शिक्षक हाजी महबूब ने बताया कि इस दिन घरों में तमाम तरह का हलवा (सूजी, चने की दाल, गरी आदि) व लजीज व्यंजन पकाया जाता है। देर रात तक लोग नफिल नमाज व तिलावत-ए-कुरआन पाक कर अपना मुकद्दर संवारने की दुआ मांगते है। अगले दिन रोजा रखकर इबादत करते हैं। इस रात के ठीक पन्द्रह या चौदह दिन बाद मुकद्दस रमजान माह आता है। उन्होंने गुजारिश की है कि जिनकी फर्ज नमाजें कज़ा (छूटी) हो उनको नफिल नमाजों की जगह फर्ज कजा नमाजें पढ़ें।