अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस
पर जागरूकता कार्यक्रमों में सुरक्षा, शिक्षा व समानता पर जोर।
संत कबीर नगर, उत्तर प्रदेश।


अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर जिले में विविध कार्यक्रम हुए। महिला सुरक्षा, शिक्षा, सशक्तीकरण, समानता व सम्मान की आवाज उठी। राजकीय बालिका उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बघौली में प्रधानाचार्य निशा यादव ने कहा कि महिला ही समाज की आधार शक्ति है। महिलाओं का देश और समाज की उन्नति में बड़ा योगदान है। विकास में महिलाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है। विपरीत परिस्थितियों में अनुकूलन की क्षमता महिलाओं में पुरुषों से अधिक होती है। दुनिया की आधी आबादी अब घरों से निकलकर हर चुनौतियों से जूझने के लिए तैयार है। महिलाओं का सम्मान बढ़ाने के लिए हर समय कार्य किए जाने हैं। नारी को भी अपनी जिम्मेदारी पर सचेत रहने की जरूरत है। खलीलाबाद में आयोजित कार्यक्रम जिला विद्यालय निरीक्षक ने आयोजित कार्यक्रम में कहा कि बिना महिला सशक्तीकरण के किसी भी देश की उन्नति नहीं हो सकती। महिलाओं को अधिक से अधिक अवसर प्रदान किया जाना चाहिए।
विश्वबंधुत्व महासभा के तत्वावधान में कबीर चौरा मगहर में आयोजित कार्यक्रम अर्पिता अग्रहरि ने कहा कि महिलाओं की प्रगति व सशक्तीकरण के लिए गंभीरता से कार्य करने की आवश्यकता है। जिला संगठन आयुक्त गाइड सुगंधा सिंह ने कहा कि सुशिक्षित नारी से ही सभ्य समाज की संकल्पना को साकार किया जा रहा है। जहां नारी का सम्मान होता है वहां देवता निवास करते हैं। यह हम सभी मानते है। शास्त्रों व पुराणों में प्राचीन काल से ही नारी को देवी का स्वरूप दिया गया है। परिवार में बेटी के रूप में सेवा करती है। पति , भाई, विवाह के बाद पति, ससुराल व पुत्र के लिए अपनी जिम्मेदारी निर्वहन करती है। जब नारी को आदर व समाज में बराबरी का स्थान मिलेगा तभी विकास व उत्थान होगा। शिक्षित महिला सभ्य समाज के निर्माण में सहयोगी होती है। कार्यक्रम में इंदू यादव, डा. गौरी, डा. वंदना सिंह, सुभद्रा, वंदना, अनीता यादव, विभा, रागिनी, रमाशंकर गुप्ता, अनुराग, विकास कुमार आदि मौजूद रहे। इसी क्रम में श्रीगौतम बुद्ध महाविद्यालय पचपेड़वा में भी दिवस पर कार्यक्रम हुआ।