न्यायिक अधिकारी द्वारा जिला कारागार का किया गया वर्चुअल निरीक्षण
संत कबीर नगर

आज दिनांक 15.07.2021 को उ0प्र0 राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव/न्यायिक अधिकारी हरिकेश कुमार द्वारा समय 01ः00 बजे जिला कारागार बस्ती/संत कबीर नगर का वर्चुअल निरीक्षण किया गया। निरीक्षण में उपकारापाल द्वारा बताया गया कि जनपद संत कबीर नगर से सम्बन्धित कुल 456 बन्दी हैं, जिनमें 377 विचाराधीन एवं 78 सजायाफ्ता बन्दी हैं जिनमें 399 पुरूष एवं 35 महिलायें हैं। 04 महिलाओं के साथ बच्चें भी है। 01 बन्दी रामपाल पुत्र रमेश यादव एनएसए से सम्बन्धित भी निरूद्ध हैं। जनपद संत कबीर नगर के विचाराधीन बन्दी संतोष चौरसिया एवं रामबदन तिवारी से जानकारी प्राप्त की गयी, जिनके द्वारा बताया गया कि वे दिनांक 13.07.2020 एवं 25.10.2015 से निरूद्ध हैं उनकी जमानत नहीं हुई है। संतोष चौरसिया मु0अ0सं0 184/20 अन्तर्गत धारा 41, 411, 419, 420, 467, 468, 471 भा0द0सं0 थाना महुली संत कबीर नगर के मामले में दिनांक 13.07.2020 से एवं रामबदन तिवारी, मु0अं0सं0 585/15 धारा 394 भा0द0सं0 में दिनांक 25.10.2015 से निरूद्ध है। इनके द्वारा बताया गया कि वे गरीब एवं निर्धन है। पैरवी करने के लिए कोई भी नहीं है। सरकारी अधिवक्ता उपलब्ध कराने की अपील की गयी। जेल के पीएलवी रिंकू चौहान से जानकारी प्राप्त की गयी। जिसके द्वारा बताया गया कि अन्य कोई ऐसा बन्दी नहीं है जिसकी पैरवी करने हेतु कोई ना हो। जेल अधीक्षक को निर्देशित किया गया कि यदि ऐसा कोई बन्दी है जिनकी निरूद्ध अवधि प्रावधानित सजा के आधे से अधिक हो चुकी हो और 07 वर्ष तक के मामले में बन्द हो, तो उनकी सूचना अविलम्ब उपलब्ध करायें। महिला बन्दियों के साथ रह रहे बच्चों के लिए विशेष प्रबन्ध किये जाने का निर्देश दिया गया। इसके अतिरिक्त कोविड-19 महामारी से सम्बन्धित केन्द्र सरकार व राज्य सरकार द्वारा जारी निर्देशों का अनुपालन कराये जाने का निर्देश दिया गया और बन्दियों का टीकाकरण सम्बन्ध में अवगत कराया गया कि सभी विचाराधीन बन्दियों को टीके लगवाने का कार्य चल रहा है। उपकारापाल द्वारा अवगत कराया गया वर्तमान में कोई बन्दी कोविड-19 से ग्रसित नहीं है। इसके अतिरिक्त अन्य कोई विपरीत तथ्य संज्ञान में नही आये।
भवदीय
(हरिकेश कुमार)
सचिव/न्यायिक अधिकारी
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण
संत कबीर नगर।