
– हैसर ब्लॉक क्षेत्र में सबसे अधिक 88 त्रैमासिक गर्भनिरोधक अन्तरा इंजेक्शन लगे
– नौ आईयूसीडी तथा चौदह पीपीआईयूसीडी भी महिलाओं ने अपनाया
संतकबीरनगर, 25 सितम्बर 2020 / जितेन्द्र चौधरी
परिवार नियोजन संसाधनों के प्रति लोगों को जागरुक करने के लिए मनाए जाने वाले अन्तराल दिवस पर जिले की कुल 120 महिलाओं ने त्रैमासिक गर्भनिरोधक अन्तरा के इंजेक्शन की पहली डोज लगवाई। इनमें सबसे आगे हैसर बाजार ब्लाक क्षेत्र की महिलाएं रही।
अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. मोहन झा ने बताया कि परिवार नियोजन के संसाधनों के प्रति लोगों को जागरुक करने के लिए अन्तराल दिवस का आयोजन शुक्रवार को किया जा रहा है। 25 सितंबर को हुए आयोजन में कुल 120 महिलाओं ने अन्तरा इंजेक्शन लगवाए।
इसमें सबसे अधिक हैसर बाजार क्षेत्र की महिलाओं ने कुल 88 अन्तरा इंजेक्शन लगवाए। हैसर ब्लाक के चपरा पूर्वी में 23, औराडाड़ में 4, अशफपुर में 21, बैकुण्ठपुर में 14 तथा दौलतपुर में 26 महिलाओं ने अन्तरा इंजेक्शन लगवाए। जबकि खलीलाबाद ब्लाक क्षेत्र में 16 तथा अन्य 7 ब्लाक क्षेत्रों में 16 महिलाओं ने अन्तरा इंजेक्शन लगवाए। कुल 9 महिलाओं ने आईयूसीडी लगवाए तथा 14 महिलाओं ने पीपीआईयूसीडी अपनाया । हैसर बाजार के चपरा पूर्वी की 22 साल की अनीता साहनी को 9 महीने की एक बच्ची है। उन्होने त्रैमासिक गर्भनिरोधक अन्तरा लगवाया। उनका कहना है कि वह यह चाहती हैं कि उनके दो बच्चों में कम से कम 3 साल का अन्तर रहे। इसके लिए उन्हें उनके गांव की आशा कार्यकर्ता पूनम ने राय दी कि वह अन्तरा इंजेक्शन लगवाएं। यह काफी सुरक्षित है और दो बच्चों में अंतर के लिए बेहतर विकल्प भी है, इसलिए उन्होने अन्तरा इंजेक्शन लगवाया है। वह अगला डोज भी लगवाएंगी तथा दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करेंगी।
अन्तरा केयर लाइन की काउंसलर बनीं महिलाओं की सखी
एसीएमओ ने बताया कि अन्तरा केयर लाइन (टोल फ्री नंबर-18001033044) पर तिमाही गर्भ निरोधक साधन अन्तरा इंजेक्शनअपनाने वाली महिलाओं की मदद के लिए तैनात काउंसलर जब फोन करती हैं तो लाभार्थी बेहिचक अपनी सारी समस्याओं के बारे में बात करती हैं । इससे उनमें एक विश्वास जगा है । कोई भी महिला इस टोल फ्री नम्बर पर सम्पर्क करके आवश्यक जानकारी ले सकती है। अब तक पहला डोज लेने वाली महिलाओं में से करीब 60 फीसद दूसरा डोज लेती हैं और उनमें से करीब 70 फीसद तीसरा डोज भी लेना पसंद करती हैं । अंतरा केयर लाइन सातों दिन सुबह आठ बजे से रात नौ बजे तक चलती है ।
चित्र परिचय – हैसर बाजार के चपरा पूर्वी स्वास्थ्य उप केन्द्र पर अन्तरा इंजेक्शन लगवाती हुई महिलाएं