किशोरों को किया एनीमिया और आयरन की कमी के प्रति जागरूक
– तन्दुरुस्ती हजार नियामत कार्यक्रम के तहत छ: विन्दुओं पर हुई स्वास्थ्य चर्चा
– गन्ना विकास इण्टर कालेज में किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत हुआ आयोजन
संतकबीरनगर
जितेन्द्र चौधरी
राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत जिले में सिफ्सा के सहयोग से आयोजित तन्दुरुस्ती हजार नियामत कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान किशोरों को एनीमिया और आयरन की कमी के प्रति जागरुक किया गया। साथ ही साथ सेहत के छ: बिन्दुओं पर विशेषज्ञों के द्वारा स्वास्थ्य चर्चा की गई।
सीएमओ डॉ हरगोविन्द सिंह के निर्देशन में राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम के जिला समन्वयक दीन दयाल वर्मा के निर्देशन में चलाए जा रहे कार्यक्रम के दौरान जिला अस्पताल के किशोर क्लीनिक के किशोर स्वास्थ्य परामर्शदाता दयानाथ तिवारी ने किशोरों में व्याप्त विभिन्न शारीरिक मानसिक समस्याओं एवं उनके समाधान के साथ साथ खानपान, पोषण, शरीर मे आयरन की आवश्यकता, एनीमिया की समस्या,एचआईवी, कम उम्र में विवाह से उत्पन्न समस्याओं इत्यादि के निराकरण के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा जिला अस्पताल में स्थापित किशोर स्वास्थ्य क्लीनिक में सम्पर्क करने के प्रति जागरूक किया । जिला कोऑर्डिनेटर दीनदयाल वर्मा ने छात्रों को किशोर स्वास्थ्य के छः प्रमुख बिंदुओं क्रमश: पोषण, यौन एवं प्रजनन स्वास्थ्य, मानसिक स्वास्थ्य, गैर संचारी रोगों,माहवारी स्वच्छता प्रबंधन, एवं लिंग आधारित हिंसा परजानकारी देते हुए विस्तार से किशोरों से चर्चा किया एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत चलाये जा रहे किशोर स्वास्थ्य क्लिनिक (एएफएचएस क्लीनिक), विफ्स (साप्ताहिक आयरन फोलिक सम्पूरन कार्यक्रम) , किशोरी सुरक्षा योजना,पीयर एजुकेटर्स कार्यक्रम आदि के महत्व एवं आवश्यकता पर प्रकाश डाला। इस दौरान प्रश्नोत्तरी में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 10 छात्रों को प्रधानचार्य वीरेंद्र नाथ पांडेय व किशोर स्वास्थ्य जिला कोऑर्डिनेटर दीनदयाल वर्मा द्वारा स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस मौके पर गोण्डा से आये नाटक मंडली के श्रीमती मंजू सिंह, चंद्रप्रकाश, लल्लन, रिंकू दूबे, छोटे आदि कलाकारों द्वारा युवाओं के गलत राह पर भटकने एवं बुरी संगत से बचने के लिए लोक गीतों के माध्यम से सावधान किया, वहीं नुक्कड़ नाटक के माध्यम से वर्तमान परिवेश में युवाओं के नशाखोरी के तरफ होने वाले आकर्षण और शारीरिक , पारिवारिक और सामाजिक जीवन पर उसके प्रभाव का आकर्षक चित्रण किया । इस मौके पर ब्लॉक कार्यक्रम प्रबन्धक दिव्या श्रीवास्तव, शिक्षक समयदेव पांडेय समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

