गोदान एक्सप्रेस में थे तीन कोरोना पॉजिटिव यात्री, तीनों जबलपुर में उतरे!

गोरखपुर व्यूरों :- मुंबई से गोरखपुर आ रही गोदान एक्सप्रेस में जबलपुर तक आने वाले एक नहीं, बल्कि तीन यात्री कोरोना पॉजिटिव थे। इसका पता चलनेे के बाद रेलवे ने मुंबई से लेकर गोरखपुर तक अलर्ट जारी कर दिया है। साथ ही रेलवे ने उस कोच के यात्रियों को मोबाइल के जरिए संदेश भी भेजना शुरू कर दिया है। रेलवे के अनुसार मुंबई से तीन यात्री गोरखपुर आने वाली गोदान एक्सप्रेस के बी-1 के 9, 10 और 60 नम्बर बर्थ पर सवार हुए। तीनों यात्री जबलपुर उतर गए। उनकी तबीयत बिगड़ी तो जांच के बाद तीनों कोरोना पॉजिटिव पाए गए। इसके बाद उनके यात्रा की हिस्ट्री निकाली गई तो पता चला कि वह पिछले हफ्ते विदेश से लौटे थे और फिर मुम्बई से गोदान एक्सप्रेस में सवार होकर जबलपुर के लिए निकल गए। यह जानकारी रेलवे को लगी तो तत्काल पूरे भारतीय रेल के कट्रोल पर अलर्ट जारी कर दिया गया और कहा कि गोदान एक्सप्रेस के बी-1 में खासकर बर्थ नंबर 11 से लेकर 16 नम्बर बर्थ तक यात्रा कर रहे हैं अगर उनमें कोरोना के लक्षण दिखते हैं तो तुरंत हेल्पलाइन नम्बर पर सूचित करें। मालुम हो कि 16 मार्च को सुबह 11 बजे मुंबई से गोरखपुर के लिए गोदान एक्सप्रेस रवाना हुई थी। 33 घंटे की यात्रा के बाद ट्रेन 17 मार्च की रात 9 बजे गोरखपुर पहुंची थी। उस समय तक जबलपुर में उतारे गए तीनों यात्रियों के बारे में कोई जानकारी नहीं थी। लिहाजा उस केबिन के यात्रियों की किसी भी स्टेशन पर जांच नहीं हो सकी।
पूर्वोत्तर रेलवे प्रशासन ने फौरी तौर पर जांच कराते हुए यात्रियों की डिटेल निकाली जिसमें पता चला कि बी-1 के 7, 8 और 11 नम्बर बर्थ के यात्री आजमगढ़ स्टेशन के पास साहगंज के रहने वाले हैं। रेलवे ने उन तीनों यात्रियों से सम्पर्क उनका हालचाल जाना। फिलहाल तीनों पूरी तरह से स्वस्थ हैं। रेलवे बी-1 कोच के बाकी यात्रियों को ट्रैक कर रहा है। इसके बाद उनको मोबाइल पर संदेश भेजा जाएगा।