
तामेश्वरनाथ धाम में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब
संतकबीरनगर
अर्जुन यादव
संतकबीर नगर। महाशिवरात्रि का पावन पर्व सोमवार को आस्था उमड़ी। जिले के सभी प्रमुख शिवालयों समेत महाभारतकालीन तामेश्वरनाथधाम में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। भीड़ को नियंत्रित करने में पुलिस के साथ ही साथ मंदिर प्रशासन के पसीने छूट गए। देर शाम तक विभिन्न जनपदों के तकरीबन पांच लाख से अधिक श्रद्धालु नर-नारियों ने जलाभिषेक किया।
रात्रि 12 बजे मंदिर का कपाट खुलने के बाद से ही श्रद्धालु जलाभिषेक के लिए उमड़ पड़े। स्थिति यह रही कि देर शाम तक श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। प्राचीन शिवमंदिर तामेश्वरनाथ में श्रद्धालुओं की यह सबसे अधिक भीड़ बताई जा रही है। यहां पर जलाभिषेक के लिए बस्ती, अम्बेडकरनगर, आजमगढ़, गोरखपुर, सिद्धार्थनगर, महराजगंज, फैजाबाद, देवरिया, कुशीनगर तथा अन्य जनपदों से लोग पहुंचे। भीड़ को नियंत्रित करने को लगी बल्लियां सुबह होते ही टूट गई। यही नहीं मंदिर में लगाए गए स्थाई बैरिकेडिग भी टूट गई। ऐसे में व्यवस्था बनाने में मशक्कत करनी पड़ी।
पुलिस विभाग ने सुरक्षा के लिए चार मेटल डिटेक्टर लगाए थे। आस्थावानों की संख्या बढ़ने के बाद रात्रि में तीन बजे ही सभी मेटल डिटेक्टर वहां से हटाने पड़े। तब जाकर भीड़ नियंत्रित हो सकी। बाद में हैंड हेल्ड मेटल डिटेक्टर लगाए गए, लेकिन उससे भी जांच नहीं हो सकी।