सेल्स मैनेजर लापता, मोबाइल बंद!

गोरखपुर व्यूरों :-आयुर्वेद की एक कम्पनी में बतौर सेल्स मैनेजर काम करने वाले पुनीत कुमार श्रीवास्तव पांच मार्च से लापता हैं। वह कम्पनी के काम के सिलसिले में बस्ती जाने की जानकारी देकर पांच मार्च की सुबह निकले थे। रात में 11 बजे उनका फोन आया तो बताया कि कि आधे घंटे में घर पहुंच रहा हूं। लेकिन एक हफ्ते बाद भी वह घर नहीं लौटे हैं। परिवारीजनों ने अनहोनी की आशंका जताई है। उधर, गुमशुदगी दर्ज कर पुलिस ने जांच आगे बढ़ाई है! मालुम हो कि कोतवाली के जगन्नाथपुर निवासी पुनीत कुमार श्रीवास्तव आयुर्वेद से जुड़ी एक कम्पनी में सेल्स मैनेजर हैं। घरवालों ने बताया कि पांच मार्च की सुबह बस्ती जाने की बात कहकर घर से निकले। पूरे दिन उनका मोबाइल बंद रहा। रात में 11 बजे के करीब फोन आया तो बताया कि बस से आ रहा हूं, सहजनवा तक आ गया हूं। आधे घंटे में घर पहुंच जाऊंगा। जब काफी देर बीत गया और वे नहीं आए तो परिवारीजनों ने फोन करना शुरू कर दिया लेकिन उनका मोबाइल बंद हो गया। आसपास तलाश करने के बाद घरवालों ने कोतवाली में तहरीर दी। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर जांच आगे बढ़ाई। पुनीत की कॉल डिटेल निकाली गई तो पता चला कि पांच मार्च की रात में फोन सहजनवा नहीं, यूनिवर्सिटी के पास से आया था। इसके बाद परिवारीजन और परेशान हो गए। घरवालों का कहना है कि बातचीत से लग रहा था कि कोई उन्हें दबाव में बुलवा रहा हो। वह बस से आने की बात कह रहे थे लेकिन आवाज से लग रहा था कि उन्हें बाइक पर बैठाया गया था। इस बीच एक और जानकारी सामने आई है कि मोहल्ले के एक युवक ने उन्हें रिक्शे से स्टेशन की तरफ जाते भी देखा था। सभी कड़ियों को मिलाकर पुलिस सही जानकारी जुटाने में लग गई है।