युवती के भाइयों पर दर्ज हुआ हत्या का मुकदमा, एकतरफा प्यार में प्रेमी ने खुद की ले ली थी जान!
गोरखपुर व्यूरों : जनपद के गुलरिहा के टिकरिया गांव में गोली लगने से युवक की मौत के मामले में गुरुवार को नया मोड़ आ गया है। युवक के पिता की तहरीर पर पुलिस ने युवती के भाइयों पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। युवक के पिता ने आरोप लगाया था कि युवती ने फोन कर उसके बेटे को बुलाया था जबकि उसके भाइयों ने गोली मारकर हत्या कर दी। पिता ने युवती के भाइयों के अलावा उसके ममेरे भाइयों को भी मुल्जिम बनाया है।
गुलरिहा थाना क्षेत्र के टिकरिया गांव में बीते शुक्रवार की सुबह बेलीपार के चेरिया गांव निवासी संजीव जायसवाल की गोली लगने से मौत हो गई थी। संजीव अपने मौसा लाला जायसवाल के घर पहुंचा था। पुलिस को जानकारी दी गई कि संजीव ने एक तरफा प्यार में खुद को गोली मार ली है । गोली मारने से पहले उसने उस युवती को भी मारने की कोशिश की जिसने उसके प्यार को ठुकरा दिया था। संजीव के पिता राजेश जयसवाल ने गुलरिहा थाने पर बेटे की हत्या की नामजद तहरीर दी । पिता ने आरोप लगाते हुए कहा कि 6 मार्च की सुबह लगभग 6.45बजे संजीव जयसवाल को सीमा पुत्री छोटेलाल निवासी मिरचाईन टोला थाना गुलरिहा ने फोन कर बुलाया था। वह उसके गांव पहुंचा तो पता चला कि सीमा अपने नानी के घर चली गई थी। राजेश का आरोप है कि वहां पहले से घात लगाकर बैठे सीमा के भाई मंगेश व सुधीर ने ललकारते हुए उसे मारने के लिए कहा इतने पर सोनू पुत्र छोटेलाल और सतीश पुत्र लाला ने कुछ अज्ञात लोगों के साथ मिलकर संजीव की गोली मारकर हत्या कर दी। गुलरिहा पुलिस ने राजेश की तहरीर पर इनके खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।