संक्रामक रोगों पर सीधा वार करने के लिए शुरु हुआ संचारी रोग नियन्त्रण अभियान
– संचारी रोगों पर नियन्त्रण तभी संभव जब रहेगी साफ सफाई – जय चौबे
– जेई और एईएस से बचाने के लिए साथ आगे आएं सभी – रवीश गुप्त
संतकबीरनगर, 1 मार्च 2020,
जितेन्दर चौधरी

संक्रामक रोगों के साथ ही जेई और एईएस पर सीधा वार करने के लिए संचारी रोग नियन्त्रण अभियान का शुभारंभ रविवार को मगहर में स्थित नगर पंचायत कार्यालय से हुआ। इस दोरान मुख्य अतिथि के रुप में उपस्थित सदर विधायक दिग्विजय नारायण चतुर्वेदी उर्फ जय चौबे तथा जिलाधिकारी रवीश गुप्त ने हरी झण्डी दिखाकर लोगेां को जागरुक करने के लिए प्रचार वाहनों को रवाना किया।
इस दौरान उपस्थित लोगों को सम्बोधित करते हुए खलीलाबाद के विधायक दिग्विजय नारायण चतुर्वेदी उर्फ जय चौबे ने कहा कि संचारी रोगों पर नियन्त्रण तभी संभव होगा जब सभी साफ सफाई के साथ रहें। जहां पर गन्दगी होगा, वहीं पर मच्छर पैदा होंगे और संक्रामक रोगों के वाहक बनेंगे। इसलिए जरुरी है कि हम अपने आसपास सफाई तो रखें ही दूसरों को भी सफाई के लिए प्रेरित करें। जेई ओर एईएस के खात्में को लेकर यह अभियान तीसरी बार चलाया जा रहा है। इस अभियान की ही देन है कि जिले में आज जेई व एईएस के मरीजों की संख्या में आशातीत कमी आई है। पूरे जनपद में जेई से केवल 1 मौत हुई है, वह भी बाहर हुई है।
इस दौरान जिलाधिकारी रवीश गुप्त ने कहा कि इस अभियान में कुल 10 विभाग एक साथ काम कर रहे हैं। खासकर पंचायती राज विभाग की इस अभियान में भूमिका काफी महत्वपूर्ण है। वह क्षेत्र में साफ सफाई के लिए आवश्यक कदम उठाए, ताकि यह अभियान अपने उद्देश्यों में पूरी तरह से सफल हो। जिन लोगों की जो भी जिम्मेदारी अभियान में है वह अपनी भूमिका का बखूबी निर्वहन करें। प्रदेश सरकार के इस अभियान के चलते जेई व एईएस के साथ ही संक्रामक रोगों में भी कमी आई है। इस दौरान सीएमओ डॉ हरगोविन्द सिंह ने कहा कि आशा कार्यकर्ताओं के साथ ही स्वास्थ्य विभाग के जिस कर्मी की जो भी जिम्मेदारी है उसका निर्वहन वह पूरी ईमानदारी से करे। 31 मार्च तक संचारी रोग नियन्त्रण अभियान चलाया जाएगा। साथ ही 16 मार्च से 31 मार्च तक दस्तक अभियान चलाया जाएगा। जिला मलेरिया अधिकारी ने कहा कि मच्छरों के रहने के स्थानों पर तथा नालियों में एण्टी लार्वल फागिंग के साथ ही अन्य उपाय किए जाएंगे, ताकि मच्छरों से बचा जा सके। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ एस रहमान ने कहा कि जिन बच्चों को इंसेफेलाइटिस के टीके नहीं लगे हैं वे भी अभियान के दौरान इंसेफेलाइटिस के टीके लगवा लें। इस दौरान जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ ए के सिन्हा के साथ ही एसीएमओ आरसीएच डॉ मोहन झा, जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ एस डी ओझा, सीएचसी खलीलाबाद अधीक्षक व एसीएमओ वेक्टर बार्न डॉ वी पी पाण्डेय, सहायक मलेरिया अधिकारी सुनील चौधरी, एपीडेमियोलाजिस्ट डॉ मुबारक अली तथा अन्य लोग उपस्थित रहे।
डीएम ने सभी को दिलाई दस्तक की शपथ
इस दौरान जिलाधिकारी रवीश गुप्ता ने संचारी रोग नियन्त्रण अभियान व दस्तक की शपथ दिलाई। उन्होने लोगों को यह शपथ दिलाई कि वे संचारी रोगों के नियन्त्रण के प्रति प्रतिबद्ध हैं। दिमागी बुखार ( नवकी बीमारी ) से इस लड़ाई में हर संभव प्रयास किया जाएगा । हम खुले में ही शौच करेंगे तथा अपने व्यक्तिगत सफाई का जरुर ध्यान देंगे। यदि कोई बच्चा इस रोग से पीडि़त होगा तो हम तुरन्त ही उसे अस्पताल ले जाने के लिए प्रेरित करेंगे।
चश्मे के लाभार्थी का इस तरह किया भौतिक सत्यापन
जिलाधिकारी रवीश गुप्ता संचारी रोग अभियान के शुभारंभ के दौरान नगरीय क्षेत्र के स्वास्थ्य मेले में भी गए। वहां पर चश्मे के लाभार्थी को उनके हाथों से पावर का चश्मा दिलाया गया। उन्होने चश्मा तो पहना दिया, लेकिन उसके बाद वहीं पर रखे एक रजिस्टर को उसके सामने कर दिया, और पूछा कि बताओ यह क्या लिखा है। इसके बाद उसने बता दिया तो उससे और छोटा अक्षर दिखाकर भौतिक सत्यापन भी किया।
