पांचवा मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेला
3236 मरीजों को आरोग्य मेले में इलाज, 31 रेफर
– मगहर में विधायक जय चौबे व डीएम ने किया स्वास्थ्य मेले का उद्घाटन
– 2 शहरी स्वास्थ्य केंद्रों समेत कुल 22 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर लगा आरोग्य मेला
संतकबीरनगर , 1 मार्च 2020,
जितेन्दर चौधरी

प्रदेश सरकार द्वारा आयोजित किए जा रहे आरोग्य मेले में जिले के 2 शहरी स्वास्थ्य केंद्रों समेत कुल 22 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर निःशुल्क जांच व इलाज की सुविधा दी गई। शहरी क्षेत्र मगहर में मेले का शुभारंभ खलीलाबाद के विधायक दिग्विजय नारायण चतुर्वेदी उर्फ जय चौबे ने किया। इसके अतिरिक्त अन्य क्षेत्रों में भी क्षेत्रीय प्रतिनिधियों ने मेले का उद्घाटन किया। मेले में मौसमी बुखार की जांच के अलावा प्रजनन स्वास्थ्य संबंधी सेवाओं के साथ गर्भवती, बाल और किशोर स्वास्थ्य से जुड़ी जांच पर खास जोर रहा। इस दौरान कुल 3236 मरीजों का इलाज किया गया, इनमें से 31 को रेफर किया गया।
नगरीय स्वास्थ्य केन्द्र मगहर में स्वास्थ्य मेले का उदघाटन खलीलाबाद के विधायक जय चौबे ने किया। इस अवसर पर विधायक जय चौबे ने मेले का शुभारंभ करते हुए कहा कि यह सरकार की एक महत्वाकांक्षी योजना है। लोगों तक स्वस्थ बनाने के लिए सरकार निरन्तर प्रयत्नशील है। इस आयोजन में स्वयंसेवी योगदान के लिए निजी क्षेत्र के चिकित्सकों को भी आगे आने चाहिए। प्रयास हो कि मेले में वह सभी सुविधाएं एक ही जगह पर लोगों को मिल जाएं जिसके लिए उन्हें बाकी दिनों में कामकाज छोड़कर अस्पतालों के चक्कर लगाने पड़ते हैं। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ हरगोविन्द सिंह ने बताया कि 20 ग्रामीण प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, जबकि 2 शहरी स्वास्थ्य केंद्रों पर मार्च माह की समाप्ति तक लगातार प्रत्येक रविवार को 4 और स्वास्थ्य मेले लगाए जाने हैं। मेले का आयोजन सुबह दस बजे से अपराह्न 2.00 बजे तक किया जाएगा। मेले के नोडल अधिकारी डॉ ए के सिन्हा ने बताया कि कुल 3236 मरीजों का मेले में इलाज किया गया। इसमें 1130 पुरुष, 1411 महिला तथा 495 बच्चे शामिल थे।
इस अवसर पर मेले के नोडल अधिकारी डॉ ए के सिन्हा समेत, एसीएमओ आरसीएच डॉ मोहन झा, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ एस रहमान, जिला मलेरिया अधिकारी अंगद सिंह, जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ एसडी ओझा, जिला कुष्ठ रोग अधिकारी डॉ वेद प्रकाश पाण्डेय, एपीडेमियोलाजिस्ट मुबारक अली, डीपीएम विनीत श्रीवास्तव, डीसीपीएम संजीव सिंह, जिला समन्वयक आर के एस के दीनदयाल वर्मा, मनीष मिश्रा, नगरीय समन्वयक सुरजीत सिंह प्रमुख तौर से मौजूद रहे। वहीं जिलाधिकारी, सीएमओ तथा अन्य उच्चाधिकारीगण मेले का निरीक्षण निरन्तर करते रहे।
श्वसन, त्वचा व चर्म रोगी 400 के पार
आज के मेले में सांस के रोगियों की संख्या सबसे अधिक 440 रही। जबकि लीवर के 228, मधुमेह के 120, उदर रोग के 432, चर्म रोग के 402 रोगी रहे। इसके अतिरिक्त 140 गर्भवती महिलाओं की जांच, 8 कुपोषित बच्चों की जांच, तथा अन्य मौसमी रोगों से ग्रसित 1266 लोगों की जांच की गई। इसके अतिरिक्त 31 मरीजों को उच्च स्वास्थ्य इकाइयों के लिए रेफर किया गया।
आयुष्मान का 320 गोल्डेन कार्ड भी बना
मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले में आयुष्मान भारत योजना के स्टॉल लगा कर 320 लोगों के गोल्डेन कार्ड भी बनाए गए। सीएमओ ने बताया कि प्रत्येक रविवारीय स्वास्थ्य मेले में प्रयास होगा कि ज्यादा से ज्यादा केंद्रों पर कैंप लगा कर लाभार्थियों को गोल्डेन कार्ड की सुविधा प्रदान की जाए।
